तैयारियों के लिए बैठक आयोजित
दैनिक शब्द अग्नि जिला ब्यूरो बंटी सोनी
श्योपुर, माननीय म.प्र. उच्च न्यायालय जबलपुर एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के दिशा-निर्देशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बी.एल. प्रजापति के मार्गदर्शन में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला न्यायायल परिसर श्योपुर में समस्त न्यायाधीशगण, जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्योपुर में पदस्थ अधिकारी, कर्मचारीगण, अधिवक्तागण, पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस कांउसल्स व पैरालीगल वालेंटियर्स एवं उनके परिवारजन हेतु जिला चिकित्सालय, श्योपुर के समन्वय से उल्लासः एक अभिनव प्रयोग अभियान अंतर्गत वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
न्यायालय स्थित एडीआर भवन में आयोजित होने वाले उक्त वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के सफल आयोजन हेतु माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बी.एल. प्रजापति की अध्यक्षता में मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी व सिविल सर्जन, जिला चिकित्सालय, श्योपुर के साथ बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें उक्त वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के आयोजन के संबंध में मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी श्योपुर डॉ. दिलीप सिंह सिकरवार व सिविल सर्जन श्योपुर डॉ. एस. एन. बिन्दल को दिशा-निर्देश दिये गये।
उक्त शिविर में जिला चिकित्सालय श्योपुर द्वारा विशेषज्ञों की टीम गठित करने एवं प्रतिभागीगण के आभा कार्ड का निःशुल्क रजिस्ट्रेशन किये जाने के संबंध में भी निर्देश दिये गये। उक्त वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में समस्त प्रतिभागीगण का निःशुल्क रजिस्ट्रेशन ए.डी.आर. भवन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्योपुर में किया जा रहा है। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 08 अगस्त, 2026 को सायं 05 बजे है। समस्त न्यायालयीन कर्मचारीगण, अधिवक्तागण, पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस कांउसल्स व पैरालीगल वालेंटियर्स से अपील है कि वे उक्त शिविर में अपना रजिस्ट्रेशन 08 अगस्त 2026 तक आवश्यक रूप से कराकर उक्त शिविर का लाभ उठाये।
उक्त बैठक में विशेष न्यायाधीश सुशील कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्योपुर सचिव श्रीमती वर्षा सूर्यवंशी मजूमदार, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्योपुर श्रीमती मनदीप कौर सेहमी, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्योपुर सुश्री अंकिता शांडिल्य, जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष ओ.पी. गुप्ता, सचिव शरद जैन, प्रशासनिक अधिकारी, श्योपुर अनिल कुमार सेन उपस्थित रहें।
Author: Shabd Agni
.