232 पशुओं का टीकाकरण, बकरी पालन के 28 आवेदन भरवाये गये
दैनिक शब्द अग्नि जिला ब्यूरो बंटी सोनी
श्योपुर, कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा गत दिनों गोरस क्षेत्र के भ्रमण के दौरान दिये गये निर्देशो के क्रम में पशुपालन विभाग द्वारा आज ग्राम गोरस में पशु चिकित्सा, पशु बांझ निवारण एवं पशुपालको के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उप संचालक पशुपालन डॉ सुभाषबाबू दौहरे, एनआरएलएम डीपीएम सोहनकृष्ण मुदगल, लीड बैंक मैनेजर दिनेशचंद्र सहित महिला बाल विकास विभाग, बिजली कंपनी आदि विभागों अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सहभागिता करते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
शिविर में उपसंचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. सुभाष बाबू दोहरे ने उपस्थित पशुपालकों को मुख्यमंत्री अनुसूचित जनजाति विशेष परियोजना एवं मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना अंतर्गत संचालित बकरी पालन परियोजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण परिवार स्वरोजगार स्थापित कर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। साथ ही पशुपालन विभाग के क्षेत्रीय अमले को पात्र हितग्राहियों का चयन कर समय-सीमा में अधिक से अधिक बकरी पालन प्रस्ताव तैयार कराने एवं आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामनिवास शाक्य, पशु चिकित्सालय गोरस प्रभारी डॉ. नरेंद्र कुमार माधुरिया, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी धर्मेंद्र अर्गल, प्रदीप निगम एवं पर्वत सिंह द्वारा पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही पशुपालकों को टीकाकरण, कृमिनाशन, संतुलित आहार, स्वच्छ पशु आवास तथा रोगों की रोकथाम संबंधी तकनीकी जानकारी प्रदान की गई।
शिविर के दौरान पशु किसान क्रेडिट कार्ड के 12 आवेदन प्राप्त किए गए तथा बकरी पालन परियोजना के 28 आवेदन भरवाए गए, 88 पशुपालकों को निःशुल्क पशु औषधियों का वितरण किया गया, 232 पशुओं का टीकाकरण तथा 36 पशुओं का उपचार किया गया।
Author: Shabd Agni
.