VISITORS

0 1 8 8 0 6

August 12, 2026 6:19 pm

+91 8878812345

लेटेस्ट न्यूज़

इंडोरामा निर्माणाधीन ब्रिज की परेशानी को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती ने स्थल का लिया जायजा  

धूल-जाम और आवागमन की समस्या पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

राघवेंद्र रघुवंशी शब्दग्नि धार

धार । औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के इंडोरामा चौराहे पर निर्माणाधीन नवीन ओवरब्रिज के चलते आमजन, व्यापारियों और वाहन चालकों को हो रही परेशानियों को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती ने मंगलवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों, निर्माण एजेंसी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मौके की स्थिति का जायजा लिया तथा क्षेत्र के व्यापारियों एवं रहवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।

व्यापारियों ने बताई धूल किचड़ और जाम की समस्या

निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण के चलते क्षेत्र में लगातार धूल उड़ रही है। वहीं यातायात दबाव बढ़ने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। निर्माण कार्य के दौरान आवागमन में भी लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने कहा कि सड़क और यातायात की अव्यवस्था का सीधा असर उनके व्यवसाय पर भी पड़ रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों के समक्ष तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

15 से 20 दिनों में सर्विस रोड शुरू करने का प्रयास

अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी से चर्चा के बाद महंत निलेश भारती ने बताया कि अगले 15 से 20 दिनों में सर्विस रोड शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। सर्विस रोड शुरू होने से क्षेत्र के व्यापारियों, रहवासियों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने अधिकारियों को ओवरब्रिज निर्माण कार्य को भी निर्धारित समय में शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण अवधि में आमजन को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, धूल नियंत्रण और जाम की समस्या के समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा।

विकास कार्य के साथ जनसुविधा भी जरूरी

महंत निलेश भारती ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन विकास के नाम पर जनता को लंबे समय तक परेशान नहीं छोड़ा जा सकता। निर्माण कार्य के दौरान धूल, यातायात जाम और आवागमन से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम जनता और व्यापारियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्माण स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। जहां भी यातायात बाधित हो रहा है, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन ने शीघ्र व्यवस्था सुधारने का दिया भरोसा

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भाजपा जिला अध्यक्ष एवं स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि मौके पर दिए गए निर्देशों के अनुसार सर्विस रोड को शीघ्र शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, धूल की समस्या को नियंत्रित करने और निर्माण कार्य के दौरान आमजन की सुविधा का ध्यान रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान एमपीआरडीसी मैनेजर पूनम कछावा, नगर पालिका सीएमओ सुश्री आरती गिरवाल, बगदून थाना प्रभारी सुनील शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि सुरेश सुनेर, पार्षद प्रतिनिधि कालू जायसवाल, समाजसेवी अनिल दुबे, भारत रघुवंशी, हरिहर सिंह, राम, बंटी अग्रवाल, सुनील, संजय अलेरिया, अनूप जायसवाल, सुनील वर्मा, मुकेश मामा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सर्विस रोड शुरू होने से मिलेगी बड़ी राहत

इंडोरामा चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण के कारण लंबे समय से यातायात और आवागमन को लेकर सामने आ रही परेशानियों के बीच सर्विस रोड शुरू होने का आश्वासन स्थानीय लोगों के लिए राहत की खबर माना जा रहा है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि प्रशासन और निर्माण एजेंसी निर्धारित 15 से 20 दिनों की अवधि में सर्विस रोड को कितना प्रभावी ढंग से शुरू कर पाती है और यातायात व्यवस्था में कितना सुधार आता है।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर