शब्द अग्नि मनोज जैन कलाकार
अशोकनगर। पुलिस मुख्यालय भोपाल की पीटीआरआई शाखा के निर्देशानुसार संस्कृति विद्यालय अशोकनगर में यातायात नियमों एवं राहवीर योजना पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना और शासन की महत्वाकांक्षी राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करना था। कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी मनीष सिंह चौहान एवं विभागीय अधिकारियों ने विद्यालय के शिक्षकों व स्टाफ को सुरक्षित यातायात के महत्व और सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कर विद्यार्थियों के सामने एक आदर्श प्रस्तुत करें ताकि आने वाली पीढ़ी को अनुशासित बनाया जा सके।
क्या है राहवीर योजना-
सडक़ दुर्घटना के बाद का पहला घंटा (गोल्डन ऑवर) घायल की जान बचाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि कोई नागरिक दुर्घटना पीडि़त को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर समय पर उपचार दिलाता है तो वह एक अमूल्य जीवन बचा सकता है। नागरिकों को बिना किसी कानूनी डर, पूछताछ या संकोच के पीडि़तों की सहायता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर देवेंद्र सिंह, प्राचार्य इंदु कौर, वाइस प्रिंसिपल प्रतिभा पटेल, राहवीर सुधीर शर्मा सहित समस्त शिक्षकगण और यातायात विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने सडक़ सुरक्षा, यातायात अनुशासन और संकट में फंसे लोगों की मानवीय सहायता करने का सामूहिक संकल्प लिया।
Author: Shabd Agni
.