2 क्रेशर सीज
अनियमितताओं के बावजूद जारी था संचालन, खनिज विभाग ने की सख्त कार्रवाई
शब्द अग्नि/आशीष बृजेश द्विवेदी
सिंगरौली। जिले में अवैध खनन एवं खनिज नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल के निर्देशानुसार गुरुवार को चितरंगी क्षेत्र के ग्राम बड़कुड एवं ग्राम पिपरवान स्थित दो गिट्टी क्रशर एवं खदानों को आगामी आदेश तक सील कर दिया गया। कार्रवाई खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के निर्देशन में की गई। जानकारी के अनुसार इन खदानों एवं क्रशर इकाइयों की पूर्व में तहसीलदार चितरंगी, खनिज निरीक्षक श्री मिश्रा तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अमले द्वारा संयुक्त जांच की गई थी। जांच के दौरान कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आई थीं। इसके बाद कलेक्टर द्वारा संबंधित खदान संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए ईटीपी (पर्यावरणीय स्वीकृति एवं संचालन संबंधी अनुमति) को तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध कर दिया गया था।
प्रशासनिक आदेश के बावजूद संबंधित संचालकों द्वारा क्रशर एवं खदान का संचालन जारी रखा गया। शिकायतों और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर खनिज विभाग की टीम ने गुरुवार को पुनः मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में संचालन जारी पाए जाने पर दोनों इकाइयों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया गया। खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य खनन एवं क्रशर इकाइयों में भी हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने सभी संचालकों को निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पालन करने की चेतावनी दी है।
Author: Shabd Agni
.