शब्द अग्नि/ यासिर पठान
ईदुलअज़हा इंतज़ामात, साफ-सफाई और अमन-ओ-अमान पर चर्चा

शब्द अग्नि / भोपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आज शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें विभिन्न धर्मगुरु, शांति समिति के सदस्य एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जमीयत उलेमा मध्य प्रदेश की जानिब से प्रदेशअध्यक्ष हज़रत मौलाना मुफ्ती मोहम्मद अहमद खान साहब, सचिव जनाब हाजी अब्दुल मजीद सालार खान साहब, प्रदेश नाज़ीमे तंजीम एवं पूर्व अध्यक्ष निगम जनाब साहबज़ादा अब्दुल रशीद खान साहब, प्रदेश ऑफिस सेक्रेटरी जनाब मौलाना मुफ्ती शकील अहमद साहब वाजिदी , जनाब मौलाना मुफ्ती अब्दुल माबूद साहब, साहबजादा अब्दुल नासिर साहब पत्रकार समेत अन्य जि़म्मेदार हज़रात शरीक हुए।

बैठक में हज़रत मौलाना मुफ्ती मोहम्मद अहमद खान साहब ने ईदुलअज़हा के दौरान जानवरों की आवाजाही में बेवजह रोक-टोक न करने की बात रखी। साथ ही शाहजहानी पार्क बकरा मंडी कचरा घर के सामने खालों की खरीद-फरोख्त और जमा करने के लिए एक निर्धारित स्थान तय करने की मांग की, ताकि गंदगी न फैले और व्यवस्था बनी रहे। आपने 26 मई से 30 मई तक पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग भी की।
आपने नगर निगम से शहर में पर्याप्त कंटेनर रखने और सफाई अमले को सक्रिय रखने की मांग की तथा कहा कि भोपाल हमेशा से गंगा-जमुनी तहज़ीब का गहवारा रहा है, जहाँ त्योहार आपसी भाईचारे और मोहब्बत के साथ मनाए जाते हैं।
जनाब हाजी अब्दुल मजीद सालार खान साहब ने ईद के दिन 8 से 10 घंटे पानी सप्लाई, बिजली कटौती न करने और जरूरत वाले क्षेत्रों में टैंकरों की व्यवस्था की मांग की।

जनाब साहबज़ादा अब्दुल रशीद खान साहब ने कहा कि ईद के दिन यदि कहीं सड़क पर नमाज़ की स्थिति बने तो प्रशासन सहयोग करे, क्योंकि यह कुछ मिनटों का मामला होता है। साथ ही इक़बाल मैदान के पास रास्ता खोलने की मांग भी रखी गई।
बैठक में कुर्बानी के बाद हड्डियां, खून और अन्य अवशेष खुले स्थानों पर न फेंकने पर जोर दिया गया।
जिस पर जनाब मौलाना मुफ्ती शकील अहमद साहब वाजिदी ने कहा कि हज़रत मौलाना मुफ्ती मोहम्मद अहमद खान साहब लगातार मुस्लिम समाज से साफ-सफाई और शासन की गाइडलाइन के अनुसार कुर्बानी करने,कुर्बानी के बाद , खून और अन्य अवशेष, हड्डियां वगैरह को नगर निगम द्वारा निर्धारित किए गए स्थान और कंटेनर में रखने की अपील कर रहे हैं, और मुस्लिम समाज हजरत मुफ्ती साहब की बातों पर हमेशा से अमल करता रहा है ।
बैठक के आखिर में सभी ने ईदुलअज़हा को अमन, भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ मनाने तथा अफवाहों से बचने की अपील की। पुलिस कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
Author: Shabd Agni
.