शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। शहर में बीजेपी नेता के बेटे पर 22 वर्षीय डिजिटल मार्केटिंग की सेल्स मैनेजर के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। आरोपी ने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए थे। आरोप है कि इन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसने वारदात को अंजाम दिया। मामला इंदौर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता शनिवार को हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों के साथ महिला थाने पहुंची। दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन के लिए दाव बनाने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बुढानिया निवासी शफुद्दीन शेख के बेटे फरहान शेख के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फरहान के पिता बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी से 28 अक्टूबर 2025 को विजय नगर स्थित एक कैफे में हुई थी। मुलाकात के दौरान दोनों ने एक-दूसरे से परिचय के बाद मोबाइल नंबर साझा किए।
इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप के जरिए बातचीत शुरू हो गई। शिकायत के मुताबिक 15 नवंबर 2025 को आरोपी ने युवती को अपने माता-पिता से मिलवाने के बहाने एक फ्लैट पर बुलाया। वहां पहुंचने के बाद उसने कुछ देर में माता-पिता के आने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान फरहान ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी ने बताया कि उसका नाम मोहित नहीं, बल्कि फरहान है और वह पहले से शादीशुदा है। यह जानने के बाद युवती वहां से चली गई।
युवती का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो के नाम पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और 13 दिसंबर 2025 तक उसका शेषण करता रहा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी अभी भी उसे धमका रहा है। आरोप है कि उसने युवती की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Shabd Agni
.
