VISITORS

0 0 8 6 2 1

June 1, 2026 11:31 pm

+91 8878812345

Explore

Search

June 1, 2026 11:31 pm

समय सीमा के अंदर हो आवेदनों का निराकरण – सीईओ

 

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश कुमार गोमें ने की समयावधि पत्रो की समीक्षा

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का अगले सप्ताह तक 60 प्रतिशत तक निराकरण करने के दिए निर्देश

शब्द अग्नि/आशीष बृजेश द्विवेदी

सिंगरौली—जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। गोमे ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए नान-अटेंडेड शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि 50 एवं 100 दिवस प्लस की सभी लंबित शिकायतों का आगामी सप्ताह तक हर हाल में 60 प्रतिशत तक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। राजस्व मामलों पर चर्चा करते हुए उन्होंने आमजन से जुड़े प्रकरणों जैसे नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा के साथ-साथ लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने से संबंधित सभी लंबित मामलों का समय-सीमा के भीतर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिंगरौली जगदीश कुमार गोमें ने जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत बलराम तालाब सहित अन्य सभी स्वीकृत जल संरचनाओं का निर्माण कार्य समय पर पूरा किया जाए।

इसके साथ ही ग्रीष्मकाल में पेयजल समस्या से निपटने के लिए तत्काल कंट्रोल रूम की स्थापना करने तथा वहां प्राप्त होने वाली जन-शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल आपूर्ति और शिकायतों के निराकरण का संबंधित एसडीएम और जनपद पंचायत के सीईओ द्वारा जमीनी स्तर पर अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन किया जाएगा। श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री संबल योजना और श्रमयोगी मानधन योजना के अंतर्गत चिन्हित हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाया जाए। योजना में जिले की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और गौ-सेवकों को आवश्यक रूप से सम्मिलित करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में वनाधिकार पट्टों के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि अन्य वर्गों द्वारा प्रस्तावित दावों की सूक्ष्मता से जांच की जाए तथा अपात्र दावों के निरस्तीकरण की कार्रवाई सभी उपखण्ड स्तर पर तुरंत पूरी की जाए। रबी विपणन वर्ष के तहत गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को उपार्जित किए जा चुके गेहूं का शत-प्रतिशत परिवहन जल्द से जल्द कराने तथा किसानों को उनकी फसल का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आम नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने और इसके लिए चलित खाद्य प्रयोगशाला का प्रभावी ढंग से उपयोग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विस्फोटक सामग्री के भंडारण और क्रय-विक्रय की नियमित जांच करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पाबंद किया गया।

बैठक के दौरान अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर अखिलेश सिंह, एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, माड़ा नंदन तिवारी, देवसर सौरभ मिश्रा, चितरंगी देवेन्द्र द्विवेदी, आयुक्त नगर निगम सविता प्रधान, डिप्टी कलेक्टर माइकेल तिर्की, जिला शिक्षा अधिकारी एसबी सिंह, महिला बाल विकास अधिकारी जीतेन्द्र गुप्ता, उपसंचलक कृषि अजीत सिंह सहित जिलाधिकारी उपस्थित रहें।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर