वारासिवनी क्षेत्र अंतर्गत हुई दुखद दुर्घटना की निष्पक्ष जांच
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़ बालाघाट । जिले में थाना वारासिवनी के अंतर्गत हाल ही में एक बालक की दुखद मृत्यु के मामले में बालाघाट पुलिस द्वारा की गई गहन जांच में घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो गई है। शुरुआत में कुछ व्यक्तियों द्वारा इस घटना को अज्ञात वाहन (कार/ट्रक) की टक्कर से जोड़कर भ्रामक जानकारी फैलायीं जा रही है। सूचना सुबह 5 बजे मिलने पर थाना प्रभारी वारासिवनी स्वयं मौके पर गये। पुलिस की त्वरित एवं वैज्ञानिक जांच में ये सभी दावे पूर्णतः असत्य और मनगढ़ंत पाए गए हैं।
पुलिस द्वारा की गई जांच एवं घटनास्थल के सत्यापन में निम्नलिखित तथ्य प्रमाणित हुए हैं सीसीटीवी और टोल प्लाजा फुटेज*- घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मार्ग पर स्थित टोल प्लाजा और अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की। जांच में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि कथित समय पर उस मार्ग से किसी भी ऐसे ट्रक या कार की आवाजाही नहीं हुई थी, जिससे दुर्घटना होने का दावा किया गया था।
दुर्घटना का वास्तविक कारण
विस्तृत जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक बालक एक ट्रैक्टर पर सवार होकर लौट रहा था। उक्त ट्रैक्टर को कोई और नहीं, बल्कि मृतक का अपना चचेरा भाई ही चला रहा था , तथा मृतक का सगा भाई भी ट्रैक्टर में बैठा था। यात्रा के दौरान, पीछे बैठा हुआ बालक ट्रैक्टर के पिछले हिस्से की तरफ जाने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच उसका संतुलन बिगड़ा और वह फिसलकर सीधे सड़क पर गिर गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
तथ्यों को छिपाने की साजिश
दुर्घटना के तुरंत बाद, ट्रैक्टर चालक (मृतक के चचेरे भाई) ने ट्रैक्टर के मालिकों से संपर्क किया। ट्रैक्टर मालिक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अपनी घोर लापरवाही से बचने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से, चालक और ट्रैक्टर मालिकों ने आपसी मिलीभगत कर यह झूठी कहानी रची कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी है।
यह पूर्णतः स्पष्ट है कि इस दुर्घटना किसी अन्य वाहन की टक्कर से कोई लेना-देना नहीं है। यह विशुद्ध रूप से ट्रैक्टर मालिक एवं चालक की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण घटना हुई है, जिसे छिपाने के लिए एक सुनियोजित झूठी कहानी गढ़ी गई।
बालाघाट पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मौके पर से ही गैर इरादतन हत्या का मुकदमा सभी के विरुद्ध दर्ज किया गया है। ट्रैक्टर चालक अन्य लोग जो ट्रैक्टर में उपस्थित थे तथा ट्रैक्टर जप्त किए जा चुके हैं तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।
Author: Shabd Agni
.