राघवेंद्र रघुवंशी जिला ब्यूरो
शब्द अग्नि / धार । शहर में गुरुवार को दूषित जल और अनियमित जल सप्लाई के मुद्दे पर कांग्रेस का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय रहवासियों ने नगर पालिका के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की शुरुआत शहर के घोड़ा चौपाटी स्थित लालबाग परिसर से हुई, जहां जिला युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रोहित कामदार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता, कार्यकर्ता और शहरवासी एकत्रित हुए। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी रैली के रूप में नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। नगर पालिका पहुंचते ही प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिसर का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग लांघकर परिसर के भीतर पहुंच गए। प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका की ओर से वाटर कैनन का उपयोग किया गया और प्रदर्शनकारियों पर पानी की तेज बौछारें छोड़ी गईं। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।
पानी के मटके फोड़कर नाराजगी जताई
वहीं महिलाओं ने नगर पालिका कार्यालय के सामने मिट्टी के मटके फोड़कर अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान नौगांव थाना प्रभारी हीरूसिंह रावत के सिर पर एक घड़ा फूट गया, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नगर पालिका शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
सीएमओ कार्यालय का किया घेराव

दूषित जल के विरोध में पहुंची महिलाओ ने सीएमओ को चूड़ियां पहनाने का प्रयास भी किया। प्रदर्शनकारियों ने “सीएमओ विश्वनाथ सिंह मुर्दाबाद” के नारे लगाए और सीएमओ को “रीलबाज सीएमओ” कहकर भी निशाना बनाया। हालांकि पूरे घटनाक्रम के दौरान सीएमओ अपने कार्यालय से बाहर नहीं निकले, जिससे प्रदर्शनकारियों का आक्रोश और बढ़ गया।
दर्जन भर कांग्रेसियों पर एफआईआर
उधर नगर पालिका भी आरपार के मूड में दिखी नगर पालिका मुख्य अधिकारी की शिकायत पर प्रदर्शन के महज चंद घंटों बाद नगर पालिका परिषद धार के मुख्य नगर पालिका अधिकारी की शिकायत पर थाना कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 338/2026 दर्ज कर लिया। पुलिस ने रोहित कामदार, कृष्णा पंवार, परितोष राठौर, बंटी डोड, टोनी छाबड़ा, हेमराज सुजान, गणेश खेर, सिद्धार्थ भूरिया, जितेन्द्र चौहान, वाकिफ मोहम्मद, सुनील चौहान और मोहन डामोर सहित अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया
प्रदर्शन के बाद जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित कामदार के नेतृत्व में कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि धार शहर के नागरिक पिछले कई दिनों से पेयजल की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। नगर पालिका द्वारा की जा रही जल सप्लाई न केवल अनियमित है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहद हानिकारक साबित हो रही है।
Author: Shabd Agni
.