शब्द अग्नि मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर,।कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने जोबट क्षेत्र स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित (बी-पैक्स) बोरझाड़ का निरीक्षण कर संस्था की कार्यप्रणाली और किसानों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने संस्था के अधिकारियों से ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ई-ऑनलाइन एवं फिजिकल डेटा संधारण रजिस्टरों की जांच कर अभिलेखों का अवलोकन किया। साथ ही पैक्स सदस्य बनने की पूरी प्रक्रिया भी विस्तार से समझी। संस्था के अधिकारियों ने बताया कि इस सहकारी संस्था से क्षेत्र के 13 गांवों के ग्रामीण जुड़े हुए हैं। वर्तमान में लगभग 2000 किसानों को पैक्स का सदस्य बनाया जा चुका है, जबकि नए सदस्यों को जोड़ने की प्रक्रिया निरंतर जारी है।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने संस्था के गोदाम का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सहकारी संस्था के अधिकारियों को किसानों के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि ई-टोकन बनाने की सुविधा सोसायटी परिसर में ही उपलब्ध कराई जाए, जिससे किसानों को टोकन बनवाने के लिए बाहर स्थित कियोस्क केंद्रों पर न जाना पड़े और उन्हें समय व श्रम की बचत हो। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि विभाग श्री सज्जन सिंह चौहान, आत्मा परियोजना श्री दादू मोरे, सहकारिता विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Shabd Agni
.