भटेरा रोड ओव्हर ब्रिज के कार्य में गति लाने के निर्देश
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़
बालाघाट – कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने 04 जून को रेल्वे, सेतु निर्माण विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं यातायात थाना के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले के विभिन्न स्थानों पर बन रहे रोड ओव्हर ब्रिज के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में एसडीएम श्री गोपाल सोनी भी उपस्थित थे।
डायवर्सन रोड की लेवल क्रासिंग का कार्य पूर्ण होते ही भटेरा रोड से आवागमन बंद होगा
बैठक में सर्वप्रथम भटेरा रोड पर बनने वाले रोड ओव्हर ब्रिज के कार्य की समीक्षा की गई । इस दौरान बताया गया कि रेल्वे द्वारा डायवर्सन मार्ग पर लेवल क्रासिंग का कार्य पूर्ण नहीं करने के कारण भटेरा मेन रोड से आवागमन बंद नहीं किया जा रहा है। इस लेवल क्रासिंग पर सिविल वर्क पूर्ण कर लिया गया है लेकिन रेलवे द्वारा इलेक्ट्रिक एवं सिग्नल का कार्य पूर्ण नहीं किया गया है। कलेक्टर श्री मीना ने इस स्थिति पर नाराजगी जाहिर की और रेलवे के इलेक्ट्रीकल विभाग से डायवर्सन रोड की लेवल क्रासिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। एक सप्ताह के भीतर यह कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए। भटेरा रोड के ओव्हर ब्रिज निर्माण कार्य में गति नहीं लाने के लिए उसके ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिये गये। मुख्य नगर पालिका अधिकारी को भटेरा रोड पर पानी की निकासी के लिए बनाई गई नाली को गलियों वाले स्थानों पर ऊपर से ढकने एवं आवागमन लायक बनाने के निर्देश दिये गये।
बैहर रोड पर डॉ. शिशिर खरे के मकान के सामने से दिया गया है डायवर्सन रोड

बैठक में बताया गया कि भटेरा रोड ओव्हर ब्रिज के निर्माण के लिए बैहर रोड पर डॉ शिशिर खरे के मकान के सामने से डायवर्सन रोड दिया गया है। इस डायवर्सन रोड से दो पहिया एवं हल्के चार पहिया वाहन आवागमन कर सकेंगें। यह डायवर्सन मार्ग प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की सेंट मेरी स्कूल-बोदा-आंवलाझरी सडक पर मिलता है। लामता-समनापुर से बालाघाट की ओर आने वाले बड़े एवं भारी वाहनों को कुम्हारी से धपेरा-मोहगांव होते हुए या कुम्हारी से पाथरवाड़़ा-जागपुर-आवलाझरी होते हुए मुख्य सड़क पर पहुंचना होगा। लामता-समनापुर की ओर से आने वाली बसों के लिए महर्षि स्कूल के सामने अस्थायी बस स्टैंड बनाया गया है। रेलवे द्वारा डायवर्सन रोड की लेवल क्रासिंग का कार्य पूर्ण करते ही बालाघाट बस स्टेंड से भटेरा रोड पर यातायात बंद कर दिया जायेगा और रोड ओव्हर ब्रिज के कार्य को गति प्रदान की जायेगी।
सरेखा ओव्हर ब्रिज की सर्विस रोड पर हाईट बेरियर लगाने के निर्देश
सरेखा रोड ओव्हर ब्रिज के कार्यों की समीक्षा के दौरान सेतु निर्माण संभाग के अधिकारी द्वारा बताया गया कि ब्रिज के नीचे की सर्विस रोड से पेट्रोल पंप के सामने से बड़े वाहनों के गुजरने के कारण ब्रिज के गर्डर को क्षति पहुंच रही है। ब्रिज के नीचे दुकाने एवं ठेले लगाये जा रहे है। इस पर सेतु संभाग के अधिकारी को सर्विस रोड पर बड़े एवं भारी वाहनों को जाने से रोकने के लिए हाईट बेरियर लगाने के निर्देश दिये गये। बालाघाट के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे ब्रिज के नीचे लगने वाली दुकानों एवं ठेलों को हटाने की कार्यवाही करें और उन्हें उचित स्थलों पर लगवाना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के बाद तय होगी गर्रा रोड ओव्हर ब्रिज से यातायात शुरू करने की तिथि
बालाघाट-गर्रा-वारासिवनी रोड पर वैनगंगा नदी के पुल के पहले बन रहे रोड ओव्हर ब्रिज के कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि बिज के ऊपर फुटपाथ पर टाईल्स लगाने का कार्य चल रहा है और अगले दो दिन में इसे पूर्ण कर लिया जायेगा। इस पर बालाघाट एसडीएम को अधिकारियों के साथ दो दिन के बाद ब्रिज का निरीक्षण करने के निर्देश दिये गये और कहा गया कि सुरक्षा मानदंडों के पूर्ण होने पर ब्रिज से यातायात शुरू करने के लिए दिन निर्धारित करें। लोक निर्माण, इलेक्ट्रीकल एवं मेकेनिकल के एसडीओ को ब्रिज के ऊपर रात्री में रोशनी के लिए तात्कालिक व्यवस्था करने के निर्देश दिये गये। जिससे रात्रि में ब्रिज पर दुर्घटना होने की आशंका न रहे।
शेरपार ओव्हरब्रिज में गर्डर लांचिंग का कार्य शीघ्र करने के निर्देश
बैठक में बताया गया कि वरासिवनी एवं अगासी में रोड ओव्हर ब्रिज का कार्य पूर्ण हो गया है और इनसे आवागमन शुरू हो चुका है। शेरपार लेवल क्रासिंग पर बने रोड ओव्हर ब्रिज में गर्डर लांचिंग का कार्य शेष रह गया है। जून माह के अंत तक गर्डर कार्य स्थल पर पहुंचने की संभावना है।
जागपुर घाट के ब्रिज पर वर्षा के पूर्व गर्डर लांचिंग के निर्देश
वैनगंगा नदी पर जागपुर घाट पर बने ब्रिज के कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि इस ब्रिज के लिए 36 गर्डर बनकर तैयार हो गये हैं और गर्डर लांचिंग का कार्य जून माह में पूर्ण कर लिया जायेगा। गर्डर लांचिंग के बाद ब्रिज पर स्लैब का कार्य वर्षा के दिनों में भी चलता रहेगा। अक्टूबर 2026 तक जागपुर घाट के इस ब्रिज के पूर्ण होने की संभावना है। कलेक्टर श्री मीना ने इस ब्रिज के ठेकेदार को निर्देशित किया कि वे इस ब्रिज के गर्डर लांचिंग का कार्य जून में अनिवार्य रूप से पूर्ण करायें। यदि गर्डर बारिश में क्षतिग्रस्त होंगे तो ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज करायी जाएगी और उसकी मशीने जब्त कर ली जाएगी। गर्डर के क्षतिग्रस्त होने पर ठेकेदार को जिम्मेदार माना जाएगा। अत: वर्षा प्रारंभ होने के पूर्व गर्डर लांचिंग का कार्य पूर्ण कर ले।
बैठक में सेतु निर्माण संभाग के एसडीओ श्री अर्जुन सनोडिया, लोकनिर्माण विभाग इलेक्ट्रीकल एवं मेकेनिकल संभाग के एसडीओ श्री दिलीप बोहरे, रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर श्री नीतिश सिंह, श्री मस्के, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री सूर्यप्रकाश उके, यातायात थाना प्रभारी सुश्री यीना रहांगडाले उपस्थित थी।
Author: Shabd Agni
.