VISITORS

0 1 2 2 6 8

June 15, 2026 3:39 pm

+91 8878812345

Explore

Search

June 15, 2026 3:39 pm

कलेक्टर ने ली मछुआरों की बैठक

कलेक्टर की अध्यक्षता में मछुआ कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न, मत्स्य उत्पादन बढ़ाने पर जोर।

शब्द अग्नि/आशीष बृजेश द्विवेदी

सिंगरौली। कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मछुआ कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने, मछुआरों की आय में वृद्धि करने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योत्पादन नीति, मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना तथा मत्स्य संपदा योजना (धरती आबा) के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही मछुआ समितियों को केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) उपलब्ध कराने के लिए मत्स्य एवं वित्त विभाग को समन्वय बनाकर आवश्यक ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मत्स्य पालन के लिए चिन्हित जलाशयों और तालाबों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने तालाबों के मरम्मत एवं गहरीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने तालाबों के आसपास हुए अतिक्रमण हटाने, अनुपयोगी तालाबों का सर्वे कर उन्हें चिन्हित करने तथा जिन तालाबों के मत्स्य पट्टों की विज्ञप्ति जारी नहीं हुई है, वहां शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मत्स्य विभाग, राजस्व विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समन्वय से तालाबों के पानी की गुणवत्ता की जांच कराने पर भी जोर दिया, ताकि बेहतर वातावरण में मछली उत्पादन को बढ़ावा मिल सके।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने मछली बीज की उपलब्धता में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने बताया कि जिले में सीएसआर मद से कृषि विज्ञान केंद्र में लगभग 17 लाख रुपये की लागत से हैचरी का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर ही मछली बीज की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि सीएसआर के माध्यम से निजी भूमि पर बायोपॉन्ड निर्माण तथा तालाबों में उगने वाले अनावश्यक जलीय पौधों को हटाने के लिए आवश्यक मशीनें उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री बैनल ने समिति के सदस्यों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि मछली पालन के साथ-साथ बतख पालन जैसी सहायक गतिविधियों से जुड़े प्रस्ताव भी प्रशासन को प्रस्तुत करें। ऐसे नवाचारों को प्रशासन का पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने सक्रिय और उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों के लिए अन्य राज्यों में स्टडी टूर आयोजित करने की भी घोषणा की, जिससे वे आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर सकें।
बैठक में सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, उप संचालक मत्स्य मनोज अग्रवाल, उपायुक्त सहकारिता पी.के. मिश्रा, डीपीएम मंगलेश्वर सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर