नगर निगम सिंगरौली में प्राइवेट कर्मचारियों का वेतन अटका, दो महीने से भुगतान का इंतजार
शब्द अग्नि/आशीष बृजेश द्विवेदी
सिंगरौली । नगर निगम सिंगरौली में कार्यरत प्राइवेट कर्मचारियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। आरोप है कि अप्रैल महीने का वेतन अब तक नहीं मिला है और मई महीना भी समाप्ति की कगार पर पहुंच गया, लेकिन कर्मचारियों को भुगतान का इंतजार बना हुआ है। नगर निगम के अंतर्गत कार्य कर रहे कंप्यूटर ऑपरेटर, सफाई कर्मी और ड्राइवर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि घर चलाना मुश्किल हो गया है और कई लोग उधार लेकर गुजारा करने को मजबूर हैं।
निजी लाभ लेने के आरोप
आरोप लगाए जा रहे हैं कि नगर निगम द्वारा सेटमैप कंपनी को हटाकर निजी लाभ के चलते सीएलसी कंपनी को ठेका दिया गया, लेकिन नई व्यवस्था कर्मचारियों के लिए मुसीबत बन गई है। कर्मचारियों के मुताबिक पहले सेटमैप कंपनी सीधे समय पर वेतन जारी करती थी और बाद में नगर निगम से भुगतान लेती थी। इससे कर्मचारियों को नियमित वेतन मिल जाता था। लेकिन वर्तमान व्यवस्था में पहले नगर निगम द्वारा सीएलसी कंपनी को भुगतान किया जाएगा, उसके बाद कंपनी कर्मचारियों को वेतन देगी। इसी प्रक्रिया में देरी के कारण करीब दो महीने से कर्मचारी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं।
बिना वेतन आर्थिक रूप से टूट चुके
कर्मचारियों का कहना है कि नगर निगम के ठेके पर काम करने वाले कई लोग अब आर्थिक रूप से टूट चुके हैं और भूखे मरने जैसी स्थिति बन गई है। मामले की जानकारी के लिए नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन आरोप है कि उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। अब कर्मचारियों की निगाहें नगर निगम प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिर कब तक उनका रुका हुआ वेतन जारी होगा और जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्याओं पर ध्यान देंगे।
Author: Shabd Agni
.