VISITORS

0 0 8 6 2 1

June 1, 2026 11:30 pm

+91 8878812345

Explore

Search

June 1, 2026 11:30 pm

अंजड़ : करोड़ो की धोखाधड़ी, व्यापारी गिरफ्तार

शब्द अग्नि / नौशाद अली 

निवेश और सोने के कारोबार के नाम पर लोगों से रकम लेने के आरोप,
बड़वानी। जिले के अंजड़ नगर में करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने एक प्रमुख सराफा व्यापारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की विशेष कार्रवाई के तहत लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ अब तक 1 करोड़ 52 लाख 16 हजार रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी के तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं।

पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी

थाना प्रभारी रेवाराम चौहान के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जयराज चौधरी (48 वर्ष) निवासी सिरवी मोहल्ला, अंजड़ है, जो सराफा बाजार स्थित सोना-चांदी डायमंड ज्वेलर्स का संचालक है। आरोपी को 30 मई को गिरफ्तार किया गया था। रविवार को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद पुलिस को पूछताछ के लिए उसका रिमांड प्राप्त हुआ है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से कथित रूप से हड़पी गई राशि, निवेशकों के पैसों के उपयोग तथा मामले से जुड़े अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पहला मामला: नकली सोना देने का आरोप


पुलिस के अनुसार पहला मामला वर्ष 2024 में दर्ज हुआ था। अंजड़ निवासी संजय गोयल ने शिकायत में आरोप लगाया कि उन्होंने सोने के आभूषण तैयार कराने के लिए आरोपी को करीब 88 लाख 97 हजार रुपये दिए थे। बाद में आरोपी द्वारा उपलब्ध कराया गया सोना जांच में नकली पाया गया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
दूसरा मामला: निवेश पर ब्याज का लालच


वर्ष 2025 में दर्ज दूसरे मामले में हीरालाल सिरवी ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उन्हें प्रतिमाह 1.25 प्रतिशत ब्याज का लालच देकर लगभग 37 लाख 83 हजार रुपये निवेश करवाए। शिकायतकर्ता के अनुसार तय समय बीत जाने के बावजूद न तो मूल राशि लौटाई गई और न ही ब्याज का भुगतान किया गया। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
तीसरा मामला: अन्य निवेशकों से भी लाखों रुपये लेने के आरोप
इसी वर्ष दर्ज तीसरे मामले में अनिल परिहार एवं अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने भी आकर्षक ब्याज दरों के झांसे में आकर आरोपी को कुल 25 लाख 36 हजार रुपये दिए थे। पुलिस का कहना है कि यह राशि भी कथित रूप से वापस नहीं की गई।
अन्य पीड़ितों की तलाश में पुलिस

पुलिस की प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपी ने लंबे समय तक लोगों का विश्वास जीतकर निवेश योजनाओं और सोने के कारोबार के नाम पर बड़ी मात्रा में धन एकत्रित किया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं अन्य लोग भी इसी प्रकार की कथित धोखाधड़ी का शिकार तो नहीं हुए हैं।
फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर