हादसे में मौत के बाद असहाय परिवार के लिए सहारा बनी राष्ट्रीय हिंदू सेना
बैतूल शब्द अग्नि सचिन जैन
बैतूल। आर्थिक तंगी और विपरीत परिस्थितियों के बीच एक असहाय आदिवासी परिवार के लिए राष्ट्रीय हिंदू सेना सहारा बनकर सामने आई। निर्माणाधीन मकान से गिरने के कारण जान गंवाने वाले 45 वर्षीय आदिवासी व्यक्ति शकु कवडे का संगठन के पदाधिकारियों ने आदिवासी रीति-रिवाज से सम्मानजनक अंतिम संस्कार कर मानवता की मिसाल पेश की। इससे पहले भी संगठन द्वारा कई बार अंतिम संस्कार कर सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया जा चुका है।
जानकारी के अनुसार मृतक शकु कवडे, उम्र 45 वर्ष, मूल रूप से बोरदेही गांव के समीप बरेली पाल के निवासी थे और पिछले लगभग 15 वर्षों से अपने पिता रमेश कवडे के साथ आमला के रेलवे स्टेशन गोदाम के पीछे वार्ड क्रमांक 9 में झोपड़ी बनाकर निवास कर रहे थे। 2 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे शराब के नशे की हालत में वह एक निर्माणाधीन मकान पर चढ़ गए थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद उन्हें आमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। उपचार के दौरान 3 जून की दोपहर 1 बजे उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पिता के बयान दर्ज कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
– अंतिम संस्कार के लिए आगे आया संगठन
परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण अंतिम संस्कार की व्यवस्था कर पाना संभव नहीं था। इसकी जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय हिंदू सेना के पदाधिकारी तत्काल सक्रिय हुए और शव वाहन एंबुलेंस की सहायता से शव को माचना मोक्षधाम पहुंचाया गया। वहां आदिवासी परंपरा और रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार कराया गया। मृतक के पिता रमेश कवडे और पुत्र सोनू कवडे भी इस दौरान मौजूद रहे।
– मानव सेवा ही संगठन का मूल उद्देश्य
प्रदेश संयोजक पवन मालवीय ने बताया कि राष्ट्रीय हिंदू सेना केवल गौ सेवा ही नहीं मानव सेवा को भी अपना प्रमुख दायित्व मानती है। संगठन लगातार ऐसे जरूरतमंद और बेसहारा लोगों की सहायता के लिए आगे आता रहा है तथा भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य करता रहेगा।
तहसील संयोजक विक्रांत कनाठे ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक होना उसका मूल अधिकार है। संगठन ने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए यह जिम्मेदारी निभाई है और आगे भी जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए तत्पर रहेगा।
– समाजसेवा के कार्यों में जुटे युवा
नगर युवा संयोजक प्रिंस साहू ने कहा कि संगठन के युवा कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बेसहारा और असहाय लोगों की मदद करना ही सच्ची सेवा है और इसी भावना के साथ संगठन कार्य कर रहा है।
नगर युवा उपाध्यक्ष दीपू उइके ने बताया कि अंतिम संस्कार के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय, प्रदेश संयोजक पवन मालवीय, तहसील संयोजक विक्रांत कनाठे, नगर युवा संयोजक प्रिंस साहू, नगर युवा उपाध्यक्ष दीपू उइके, नगर युवा मंत्री करण उइके, समाजसेवी सत्यम विश्वकर्मा तथा अविनाश उइके सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Shabd Agni
.