पांच दिवसीय ‘ग्राम दर्शन-राम दर्शन’ का होगा आयोजन
पंच परिवर्तन कि प्रेरणा देते हुए 51 हजार तुलसी कें पौधे भी बटेंगे
51 हजार तुलसी पौधों का होगा वितरण
शब्द अग्नि, धार। मप्र जन अभियान परिषद एवं राजवाड़ा चौक सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्र ऋषि नानाजी देशमुख की स्मृति में जिले के प्रथम नवाचार के रूप में ‘ग्राम दर्शन-राम दर्शन’ पांच दिवसीय भव्य आयोजन होने जा रहा है। 08 जून से 12 जून तक चलने वाले इस आयोजन का मुख्य केंद्र देश का प्रथम रामायणपाठी गांव ‘आदर्श ग्राम सिरसोदा’ रहेगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ‘पंच परिवर्तन’ के तहत पर्यावरण, कुटुम्ब प्रबोधन, सामाजिक समरसता और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना है। राजवाड़ा चौक सेवा समिति के नवनीत जैन एवं श्री चतुर्भुज राम मंदिर माण्डव के महामंडलेश्वर पूज्य नरसिंह दास जी महाराज ने संयुक्त रूप से बताया कि दीनदयाल शोध संस्थान चित्रकूट के सचिव अभय महाजन की प्रेरणा से इस वृहद आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।सजेगा तुलसी रथ
समाजसेवी जैन के अनुसार आयोजन के प्रथम सत्र में 08 जून को समिति पदाधिकारियों द्वारा भगवान चतुर्भुज श्रीराम मंदिर माण्डव में 1100 तुलसी के पौधे समर्पित कर महामंडलेश्वर जी के सानिध्य में तुलसी नर्सरी की स्थापना की जाएगी। इसके बाद 09 जून को सिरसोदा में भव्य ‘तुलसी यात्रा’ एवं ‘तुलसी रथ पूजन’ के साथ क्षेत्र में 51,000 तुलसी के पौधों का वितरण प्रारंभ होगा, जहाँ धर्म सभा को संत व अतिथि संबोधित करेंगे। समाजसेवी नवनीत जैन ने बताया कि जन अभियान परिषद के माध्यम से सिरसोदा को आदर्श ग्राम के रूप में चयनित किया गया है। प्रथम चरण में गांव के धार्मिक वातावरण को देखते हुए प्रत्येक घर में रामचरितमानस स्थापित कर नियमित पठन प्रारंभ कराया गया है, जिससे सिरसोदा को भारत के प्रथम ‘रामायणपाठी गांव’ होने का गौरव प्राप्त हुआ है।
प्रतिभाओं का होगा सम्मान
समाजसेवी जैन के अनुसार 10 जून को बालिका शिक्षा, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन एवं बेटियों की सुरक्षा पर ‘नारी वंदन’ कार्यक्रम होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में देवी अंशिकाजी (देवी भागवत) और सुश्री उषा दीदी ठाकुर का ओजस्वी उद्बोधन होगा। 11 जून को आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुधार को बढ़ावा देने वाले परिवारों का सम्मान होगा। इसमें स्थानीय रोजगार प्रदाता, जैविक व उन्नत कृषक, गौपालक, नशा मुक्ति व दहेज मुक्त परिवार और संस्कार केंद्र के बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं 12 जून समापन के अंतिम दिन भारत माता की आरती और समरसता प्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इसी दिन से आसपास के 100 गाँवों में औषधीय पौधों की नर्सरी की शुरुआत भी की जाएगी। यह आयोजन प्रतिदिन प्रातः 09:00 से दोपहर 12:00 बजे तक मंचीय सत्र के रूप में चलेगा, वहीं सायंकाल में सुमधुर भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर सहित कई संत व समाजसेवी सम्मिलित होंगे। ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सिरसोदा के प्रमुख रंजीत पंवार एवं लक्ष्मी रघुवंशी सहित समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र की जनता से इस गरिमामयी आयोजन में सहभागिता करने की अपील की है।
Author: Shabd Agni
.