आवासीय समर कैंप का हुआ समापन
शब्द अग्नि / बैतूल। ब्रह्मकुमारीज के समाज सेवा प्रभाग द्वारा संचालित संगम प्रोजेक्ट का जिला स्तरीय शुभारंभ एवं 6 दिवसीय आवासीय समर कैंप का समापन समारोह स्थानीय सेवा केंद्र में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद, टीआई अंजना धुर्वे, जिला पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुंदरलाल कड़वे, जिला सीएससी प्रबंधक कमलेश रघुवंशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सेवाकेंद्र प्रभारी बीके मंजू ने कहा कि यह संगम प्रोजेक्ट वर्तमान पीढ़ी और वरिष्ठजनों के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि आज समाज को युवाओं की ऊर्जा और वरिष्ठजनों के अनुभव दोनों की आवश्यकता है। ब्रह्माकुमारीज का यह प्रयास दोनों पीढिय़ों को जोडक़र संस्कार, अनुभव और जीवन मूल्यों का आदान-प्रदान सुनिश्चित करेगा, जिससे परिवार और समाज अधिक सशक्त बन सकेगा। मुख्य अतिथि मकसूद अहमद ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभवों और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को सही दिशा मिलती है। कैंप में बच्चों को नैतिक मूल्य, व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक सोच, राजयोग मेडिटेशन, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत, नृत्य एवं मूल्य आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अतिथियों ने बच्चों ऐसे संस्कारमूलक आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
Author: Shabd Agni
.