बार-बार हो रही घटनाओं से नाराज समिति, अज्ञात आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
शब्द अग्नि / सचिन जैन
बैतूल। आठनेर के चौरागढ़ स्थित गुप्तेश्वर मंदिर में एक बार फिर संदिग्ध गतिविधियों ने मंदिर प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है। अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे में मंदिर परिसर में घुसकर गर्भगृह का ताला तोड़ा, दान पेटी को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया तथा सुरक्षा व्यवस्था को निशाना बनाते हुए सीसीटीवी कैमरे तोड़कर डीवीआर अपने साथ ले गए। घटना के बाद भोला मंडल चौरागढ़ गुप्तेश्वर समिति ने थाना आठनेर में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त, डीवीआर भी ले गए
समिति ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के दौरान मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाया तथा कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने वाला डीवीआर भी चोरी कर ले गए। इससे घटना के साक्ष्य जुटाने में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है। इसके अलावा मंदिर की भोजनशाला का ताला भी तोड़े जाने की जानकारी आवेदन में दी गई है।
पहले भी हो चुका है चोरी का प्रयास
समिति के अनुसार यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मंदिर में चोरी का प्रयास किया जा चुका है, जिसकी सूचना आठनेर थाने में दी गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
Author: Shabd Agni
.