VISITORS

0 1 4 7 8 2

June 27, 2026 10:37 pm

+91 8878812345

Explore

Search

June 27, 2026 10:37 pm

एक फॉल्ट और पूरा शहर ब्लैकआउट

43 ट्रांसफार्मरों के बावजूद बाड़ी की बिजली व्यवस्था बेपटरी

शब्द अग्नि l राज ठाकुर बाड़ी रायसेन । भीषण गर्मी और उमस के बीच बाड़ी शहर की बिजली व्यवस्था इन दिनों गंभीर सवालों के घेरे में है। बार-बार हो रही बिजली कटौती ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया है। स्थिति यह है कि किसी एक मोहल्ले, गली या घर की लाइन में मामूली फॉल्ट आने पर पूरे नगर की बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ती है, जिससे हजारों उपभोक्ता घंटों अंधेरे और परेशानी में रहने को मजबूर हो जाते हैं।

43 ट्रांसफार्मर, लेकिन व्यवस्था फेल

शहर में लगभग 43 ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बावजूद बिजली व्यवस्था का लाभ उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा। अधिकांश ट्रांसफार्मरों पर लगे ए.बी. स्विच (एयर ब्रेक स्विच) बंद पड़े हैं। परिणामस्वरूप फॉल्ट वाले हिस्से को अलग करने के बजाय पूरे क्षेत्र की सप्लाई रोकनी पड़ती है। एक घर में फॉल्ट, पूरा नगर अंधेरे में।

संविदा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि प्रत्येक ट्रांसफार्मर पर ए.बी. स्विच सुचारू रूप से संचालित हो तो जिस क्षेत्र में खराबी है, केवल उसी हिस्से की बिजली बंद कर सुधार कार्य किया जा सकता है। लेकिन वर्तमान व्यवस्था में एक जगह फॉल्ट होने का खामियाजा पूरा नगर भुगतता पड़ता है। कई बार दो-दो, तीन-तीन घंटे और चार-चार घंटे तक बिजली बंद रहने से घरों में पानी की समस्या खड़ी हो जाती है। दुकानदारी का कारोबार प्रभावित होता है, विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होती है और मरीजों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बिजली विभाग ने माना- अधिकांश एबी स्विच बंद

इस पूरे मामले पर बिजली विभाग के अधिकारी अनुपम सिन्हा ने स्वीकार किया कि नगर में लगभग 43 ट्रांसफार्मर हैं, जिनमें से केवल एक-दो ट्रांसफार्मरों पर ही ए.बी. स्विच वर्तमान में संचालित स्थिति में हैं। उन्होंने बताया कि किसी लाइन में फॉल्ट आने पर तकनीकी मजबूरी के कारण कई बार पूरे बाड़ी नगर की बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ती है। हालांकि विभाग इस समस्या के समाधान की दिशा में कार्य कर रहा है।

जनता में बढ़ रहा आक्रोश

नगर के वरिष्ठ नागरिक एवं समाजसेवी विनोद दीक्षित साहू का कहना है कि बार-बार पूरे शहर की बिजली बंद होना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। तकनीकी संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद यदि छोटी खराबी के लिए पूरे नगर को अंधेरे में डूबना पड़ रहा है तो व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि सभी ट्रांसफार्मरों के ए.बी. स्विच शीघ्र चालू किए जाएं ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।आखिर 43 ट्रांसफार्मरों में अधिकांश ए.बी. स्विच क्यों बंद हैं क्या एक फॉल्ट के लिए पूरे नगर की बिजली बंद करने की नौबत क्यों आती है बार-बार की कटौती से होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा विभाग की सुधार योजना धरातल पर कब तक दिखाई दे।

क्या कहते है अधिकारी।

बाड़ी खुर्द और बाड़ी कला की विद्युत व्यवस्था को अलग-अलग करने की प्रक्रिया पर कार्य किया जा रहा है। यदि यह योजना सफल होती है तो किसी एक क्षेत्र में तकनीकी खराबी आने पर दूसरे क्षेत्र की बिजली प्रभावित नहीं होगी और उपभोक्ताओं को राहत मिल सकेगी।

अनुराग सिन्हा जेई एमपीईबी बाड़ी।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर