शब्द अग्नि l राज ठाकुर बाड़ी .रायसेन । बाड़ी स्थानीय तहसील कार्यालय के सामने गुरुवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। आवारा मवेशी गाय से मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत होने के कारण एक 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद से स्थानीय क्षेत्र में गहरा शोक है।
मौके पर ही तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दीपक गौर उम्र 26 वर्ष पिता मुरारी गौर के रूप में हुई है। दीपक बाड़ी के ही वार्ड नम्बर 15, टेकरी मोहल्ला का निवासी था। गुरुवार देर रात जब वह तहसील के सामने से गुजर रहा था, तभी अचानक सड़क पर आई गाय से उसकी मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। वहीं, इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में सड़कों पर बैठे आवारा मवेशियों को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि रात के समय सड़कों पर बैठने वाले गोवंश के कारण आए दिन ऐसे गंभीर हादसे हो रहे हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Author: Shabd Agni
.