लापरवाही से होगी बड़ी दुर्घटना
1992 से बंद पड़ी टंकी बनी खतरा, रहवासियों ने की तत्काल ध्वस्तीकरण की मांग
शब्द अग्नि/आशीष बृजेश द्विवेदी
सिंगरौली/ नगर निगम क्षेत्र के बिलौजी इलाके में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां स्थित वर्षों पुरानी और जर्जर पानी की टंकी का एक हिस्सा अचानक भरभराकर जमीन पर गिर पड़ा। सौभाग्य से घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, उक्त पानी की टंकी वर्ष 1992 से बंद पड़ी हुई है। लंबे समय से रखरखाव के अभाव में इसका ढांचा पूरी तरह कमजोर और जर्जर हो चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी टंकी के कई हिस्से टूटकर गिर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
शिकायत के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं- स्थानीय
रहवासियों ने बताया कि यह टंकी घनी आबादी वाले क्षेत्र और सड़क किनारे स्थित है, जिससे यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को शिकायतें भी की गईं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल आश्वासन ही मिलता रहा। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर हो चुकी इस पानी की टंकी को तत्काल ध्वस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे और जनहानि से बचा जा सके। फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
i
Author: Shabd Agni
.