दो अलग-अलग मामलों में 36 बल्क लीटर देशी शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
दैनिक शब्द अग्नि / बड़वानी। पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ एवं सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं डीएसपी (मुख्यालय) महेश सुनैया के मार्गदर्शन में थाना पाटी पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 36 बल्क लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की गई। थाना प्रभारी पाटी उप निरीक्षक रामदास यादव के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान 27 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम आवली स्थित पाटी-रोसर रोड मोड़ पर एक व्यक्ति अवैध शराब लेकर खड़ा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी कमल पिता सोनार सस्ते (35 वर्ष), निवासी खोदराड़ा फलिया, ग्राम हरला को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो पेटियों में कुल 100 क्वार्टर (18 बल्क लीटर) देशी प्लेन शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 8,000 रुपये है, जब्त की गई।
आरोपी के विरुद्ध थाना पाटी में अपराध क्रमांक 247/2026 धारा 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। इसी दिन एक अन्य मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम गुड़ी के पखाला रोड स्थित बड़ी पुलिया नाले के पास घेराबंदी कर आरोपी संजय पिता राजू सस्ते (25 वर्ष), निवासी खोदराड़ा फलिया, ग्राम हरला को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से दो पेटियों में कुल 100 क्वार्टर (18 बल्क लीटर) देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत 8,000 रुपये है, बरामद कर जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 248/2026 धारा 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा कुल चार पेटियों में 200 क्वार्टर (36 बल्क लीटर) देशी प्लेन शराब, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 16,000 रुपये है, जब्त की गई है। प्रकरणों की विवेचना जारी है।
सराहनीय भूमिका क्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. रामदास यादव, सउनि. चंपालाल मोरे, प्रधान आरक्षक गजराज पटेल, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र राठौर, आरक्षक ज्ञानेश्वर, आरक्षक बोबी ठाकुर एवं आरक्षक मयंक की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
Author: Shabd Agni
.