एएफसीएटी में मिली 132वीं ऑल इंडिया रैंक
शब्द अग्नि / बैतूल। जिले के होनहार युवा प्रणय वराठे का चयन भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर हुआ है। एएफसीएटी 2025-26 परीक्षा में उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 132वीं मेरिट प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है। जर्नलिस्ट नीता वराठे और खेल प्रशिक्षक कैलाश वराठे के पुत्र प्रणय वराठे ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने लिखित परीक्षा, एयर फोर्स सिलेक्शन बोर्ड इंटरव्यू, कंप्यूटराइज्ड पायलट सिलेक्शन सिस्टम तथा मेडिकल परीक्षण सहित चयन प्रक्रिया के सभी चरण पहले ही प्रयास में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किए।
युवाओ के लिए बने प्रेरणा
उल्लेखनीय है कि प्रणय बचपन से ही शिक्षा, खेल, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। चुनौतियों को स्वीकार करने और कुछ नया एवं साहसिक करने के जुनून ने उन्हें भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने के सपने तक पहुंचाया, जो अब साकार हो गया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूर्व पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया, पूर्व कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के अधिकारी कैप्टन सुमित सिंह, मेजर विक्रमादित्य मानकर, फ्लाइट लेफ्टिनेंट अमित बारस्कर तथा फ्लाइट लेफ्टिनेंट स्नेहिल बामनकर सहित अनेक लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। जिलेवासियों ने इसे बैतूल के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए कहा कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है
Author: Shabd Agni
.