सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बालसमुद पुलिस की अनूठी पहल;
शब्द अग्नि / एजाज मंसूरी
बड़वानी। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राजपुर श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना नागलवाड़ी के अंतर्गत पुलिस चौकी बालसमुद द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। मंगलवार को बालसमुद पुलिस टीम द्वारा आरटीओ बैरियर (बालसमुद) पर रात के समय बड़े और भारी वाहनों पर विशेष रूप से रेडियम की चमकदार पट्टियां (रिफ्लेक्टर) लगाने की कार्रवाई की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रात्रि के समय स्पीड ब्रेकर या अंधकार वाले क्षेत्रों में वाहनों की आपस में भिड़ंत और होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाना है।रिफ्लेक्टर की चमक से सतर्क होंगे वाहन चालक थाना प्रभारी नागलवाड़ी निरीक्षक राम कुमार पाटिल ने बताया कि आगरा-मुंबई (ए.बी.) राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने स्पीड ब्रेकर के पास अक्सर रात्रि में वाहन एक-दूसरे से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। रात के अंधेरे में दूर से वाहन दिखाई न देने के कारण ये हादसे होते हैं इसी को ध्यान में रखते हुए वाहनों के पीछे रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं, ताकि पीछे से आने वाले वाहन चालक को दूर से ही रिफ्लेक्टर की चमक दिखाई दे। इससे चालक समय रहते सतर्क हो सकेगा और अपने वाहन की गति पर नियंत्रण रख सकेगा।चालकों को दी गई समझाइश और यातायात के नियम।अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा वाहन चालकों को रोककर न केवल रिफ्लेक्टर लगाए गए, बल्कि उन्हें सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक भी किया गया।
यातायात नियमो का पालन करने की दी हिदायत
पुलिस ने चालकों को सख्त हिदायत देते हुए समझाइश दी कि: किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं। लंबी दूरी के सफर में थकान होने पर वाहन रोककर आराम करें। ‘स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें’ के सिद्धांत का पालन करें। कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका। इस पूरी सुरक्षात्मक कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में नागलवाड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक रामकुमार पाटिल, बालसमुद चौकी प्रभारी ए.एस.आई. संजय शर्मा, प्रधान आरक्षक प्रेमसिंह, आरक्षक मोहन पाटीदार, आरक्षक मनोज बघेल तथा आरक्षक गगन मंडलोई की अत्यंत महत्वपूर्ण और सक्रिय भूमिका रही। बड़वानी पुलिस का यह सुरक्षा अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Author: Shabd Agni
.