शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में रहने वाली एक डेंटिस्ट महिला डॉक्टर ने भोपाल निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक 34 वर्षीय पीड़िता लसूड़िया इलाके में रहती है और पेशे से डेंटिस्ट है। उसने शिकायत में बताया कि करीब दो साल पहले उसकी पहचान भोपाल के लालघाटी निवासी विवेक पुत्र विवेक जैन से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई और संपर्क बढ़ता गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दोनों पहले से शादीशुदा थे और अपनी-अपनी पहली शादी खत्म होने के बाद नए जीवनसाथी की तलाश में थे। इसी दौरान विवेक ने उससे शादी करने की बात कही। महिला के हामी भरने के बाद आरोपी कई बार इंदौर आया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि पिछले करीब आठ महीनों से आरोपी शादी का वादा कर उससे संबंध बना रहा था। कुछ समय पहले महिला को पता चला कि विवेक सोशल मीडिया के जरिए अन्य महिलाओं से भी संपर्क में है और उनसे भी संबंध रखता है। जब उसने इस बात को लेकर विवेक से सवाल किया तो उसने उसे धमकाना शुरू कर दिया। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने उसे सुपारी देकर हत्या करवाने की धमकी दी। इससे महिला और उसकी बुजुर्ग मां डर गई। बाद में उन्होंने रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी और लसूड़िया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
Author: Shabd Agni
.
