दशहरा पर कलश यात्रा, महाआरती और श्रमदान का आयोजन
शब्द अग्नि/आशीष बृजेश द्विवेदी
सिंगरौली /’जल गंगा संवर्धन अभियान 2026′ के तहत सिंगरौली जिले के विभिन्न विकासखंडों में गंगा दशहरा का पावन पर्व अत्यंत उत्साह और व्यापक जन-भागीदारी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के विकासखंड चितरंगी और बैढन में कलश यात्रा, महाआरती और जल स्रोतों की स्वच्छता के लिए विशेष श्रमदान कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में जल संरक्षण और पर्यावरण चेतना को जागृत करना था।
भव्य दुर्गा महाआरती के साथ शुरुआत
विकासखंड चितरंगी में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत राम जानकी मंदिर में भव्य दुर्गा महाआरती और कलश यात्रा के साथ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चितरंगी श्री मान सिंह सईयाम उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता सरपंच श्री बुद्धिमान सिंह द्वारा की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री राम जी शर्मा, म.प्र. जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री विश्वनाथ रैदास, जनपद पंचायत के अकाउंट ऑफिसर श्री श्रवण कुमार त्रिपाठी, और सब इंजीनियर श्री संजय ताम्रकार उपस्थित रहे। इस दौरान प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और लगभग 175 ग्रामीणों ने स्थानीय बीजुल नदी खिरवा में पहुँचकर करीब 3 घंटे तक कड़ा श्रमदान किया और नदी को स्वच्छ बनाया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन संकल्प शक्ति सेवा समिति के सचिव श्री दिलीप कुमार गुप्ता द्वारा किया गया तथा समापन व आभार प्रदर्शन प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष श्री राहुल सिंह द्वारा किया गया।
पिपरा में भी गरिमामय कार्यक्रम आयोजित
इसी कड़ी में, म.प्र. जन अभियान परिषद सिंगरौली द्वारा विकासखंड बैढन के ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति पिपरा में भी गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ ग्रामीणों द्वारा भव्य कलश यात्रा निकालने के साथ ही पारंपरिक रूप से स्थानीय जल स्रोत का पूजन किया गया। इसके पश्चात पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ स्थानीय गर्रा नाला में वृहद श्रमदान कार्यक्रम चलाकर उसकी साफ-सफाई की गई। इस आयोजन में म.प्र. जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री राजकुमार विश्वकर्मा, सरपंच श्री रामसुभग पनिका, उपसरपंच श्री विद्यासागर वैश्य, नवांकुर संस्था से अमृता शर्मा, परामर्शदाता सुश्री रिनू शर्मा, ग्राम के वरिष्ठ नागरिक श्री कृष्णा प्रसाद सोनी सहित नवांकुर सखियाँ, सीएमसीएलडीपी छात्र और प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष व सचिव विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों ही विकासखंडों में जन-प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता के इस संयुक्त प्रयास ने जल गंगा संवर्धन अभियान को एक सफल जन-आंदोलन का रूप दिया।
Author: Shabd Agni
.