भीम आर्मी जिला अध्यक्ष हेमंत वर्मा सहित अन्य पर FIR दर्ज
शब्द अग्नि/आशीष बृजेश द्विवेदी
सिंगरौली। बैढ़न न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के साथ कथित विवाद, गाली-गलौज, मारपीट और धमकी के मामले में पुलिस ने भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष हेमंत वर्मा सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद अधिवक्ता समुदाय में नाराजगी और कोर्ट परिसर की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
कई धाराओं में एफआईआर दर्ज
जानकारी के मुताबिक, थाना बैढ़न में FIR क्रमांक 0651/2026 दिनांक 27 मई 2026 को दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 190, 191(1), 191(2), 296(b), 351(3) एवं 131 के तहत अपराध कायम किया है।
कई अधिवक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप
एफआईआर के अनुसार, घटना 27 मई की दोपहर लगभग 1:50 बजे से 2:05 बजे के बीच बैढ़न न्यायालय परिसर में हुई। शिकायतकर्ता अधिवक्ता बृजेंद्र देव पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि भीम आर्मी जिला अध्यक्ष हेमंत वर्मा, लक्ष्मण सिंह सहित करीब 30-35 लोगों ने अधिवक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
मची अफरा तफरी
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विवाद के दौरान कोर्ट परिसर में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने अधिवक्ताओं को भयभीत करने और कोर्ट परिसर से बाहर निकालने का प्रयास भी किया।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
मामले को गंभीरता से लेते हुए बैढ़न पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी सहायक उपनिरीक्षक पप्पू सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अधिवक्ता समुदाय ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं, मामले में नामजद पक्ष की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Shabd Agni
.