महिला शिकायतों को दी प्राथमिकता, कई मामलों का मौके पर हुआ निराकरण
शब्द अग्नि/आशीष बृजेश द्विवेदी
सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने स्वयं उपस्थित होकर आवेदकों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पुलिस संबंधी विभिन्न मामलों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य शिकायतों में वैधानिक प्रक्रिया के तहत शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। महिला फरियादियों की समस्याओं को विशेष प्राथमिकता दी गई। महिला अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतकर्ताओं की काउंसलिंग कर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाए गए।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि महिला संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए। जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा, एसडीओपी चितरंगी श्री राहुल सैयाम, थाना प्रभारी विंध्यनगर श्रीमती अर्चना द्विवेदी, थाना प्रभारी नवानगर श्री अनिल पटेल, थाना प्रभारी चितरंगी श्री सुधेश तिवारी, महिला थाना प्रभारी श्रीमती आराधना परिहार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए इस प्रकार की जनसुनवाई आगे भी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी।
Author: Shabd Agni
.