नागरिकों को सीधे जोड़ने की कवायद
शब्द अग्नि / धार
धार। पुलिस ने जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत, ‘पुलिस मित्र धामनोद’ नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप का क्यूआर कोड जारी किया गया है। इस बार कोड के जरिए आम नागरिक सीधे पुलिस से जुड़ सकेंगे और क्षेत्र में होने वाली किसी भी आपराधिक घटना, संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचा सकेंगे। इसी पहल के तहत, महेश्वर चौराहे पर धामनोद पुलिस टीम ने नागरिकों को जागरूक किया। लोगों को क्यूआर कोड स्कैन करके ‘पुलिस डिजिटल मित्र’ ग्रुप से जुड़ने की प्रक्रिया समझाई गई। उप निरीक्षक राहुल चौहान, थाना धामनोद, ने बताया कि इस ग्रुप का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना है। अक्सर लोग थाने तक पहुंचने में झिझकते हैं या छोटी सूचनाओं को अनदेखा कर देते हैं। अब व्हाट्सएप के माध्यम से फोटो, वीडियो या संदेश भेजकर तुरंत जानकारी दी जा सकेगी। नागरिक अपने मोबाइल से थाना धामनोद, जिला धार द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन करके सीधे ‘पुलिस डिजिटल मित्र’ ग्रुप से जुड़ सकते हैं।
Author: Shabd Agni
.