आंदोलनकारी किसान अपने साथ बोरिया बिस्तर लेकर आए खाद गोदाम पर भी शाम तक किसान डेरा डाले हुए
शब्द अग्नि मनोज जैन कलाकार
अशोक नगर। प्रशासन द्वारा
खाद वितरण के लिए बनाई गई ई-टोकन प्रणाली से किसान संतुष्ट नहीं हैं। किसानों के मुताबिक कभी साइट नहीं चलती तो कभी किसानों को विभिन्न कागजों के लिए परेशान किया जा रहा है इससे उन्हें खाद नहीं मिल पा रहा है। सोमवार को भारतीय किसान संघ के बैनर तले सैंकड़ों किसानों ने जिला मुख्यालय अशोकनगर पर खाद व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब सवा सौ ट्रैक्टर-ट्राली लेकर किसानों ने पहले तो सुबह करीब 11 बजे राजमाता चौराहा पर चक्काजाम किया। इसके बाद दोपहर में जब अधिकारियों ने उन्हें खाद मिलने का आश्वासन दिया तो किसानों ने राजमाता चौराहा से विदिशा रोड पर स्थित खाद गोदाम तक ट्रैक्टर रैली निकाली। खाद गोदाम पर भी शाम तक किसान डेरा डाले हुए थे।
किसानों का दावा है कि शाम तक एक भी किसान को खाद नहीं मिला है। सुबह से खाद लेने के लिए अशोकनगर आए आंदोलनकारी किसान अपने साथ बोरिया बिस्तर लेकर आए हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उन्हें खाद नहीं मिलेगा तब तक वह खाद गोदाम के सामने धरना प्रदर्शन करेेंगे। सोमवार को किसानों ने अपने साथ लाए राशन पानी से मौके पर ही दाल-बाटी, भर्ता, टिक्कर आदि बनाए। ठेका, बुढ़ेरा, जंघार, सिलपटी, कोहरवास आदि से आए किसानों ने बताया कि उन्हें अपने क्षेत्र में खाद नहीं मिल रही है किसानों का कहना था कि साइट नहीं खुलती है साथ ही खाद वितरण करने वाले कहते हैं तुम्हें मुंगावली में खाद मिलेगी। वहीं किसानों के दावों और आरोपों के बारे में जानने के लिए जब अधिकारियों को फोन लगाया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किए।
Author: Shabd Agni
.