VISITORS

0 0 7 4 3 3

May 14, 2026 1:03 am

+91 8878812345

Explore

Search

May 14, 2026 1:03 am

भर्ती कराई गई किशोरी अस्पताल से भागी

शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। एक बालिका गृह में रह रही 15 वर्षीय किशोरी बुधवार सुबह 7 बजे एमटीएच अस्पताल से लापता हो गई। किशोरी को गर्भवती होने और पेट में संक्रमण की शिकायत के चलते 20 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी देखरेख में महिला पुलिस बल भी तैनात था, इसके बावजूद वह बाथरूम जाने की बात कहकर निकली और वापस नहीं लौटी।
जानकारी के अनुसार सुबह महिला पुलिसकर्मियों ने उसे बाथरूम की ओर जाते देखा था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आने पर तलाश शुरू की गई । अस्पताल परिसर में खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। मामले में सेंट्रल कोतवाली थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। रेलवे पुलिस और बिहार पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि किशोरी करीब एक माह पहले जीआरपी को इंदौर रेलवे स्टेशन पर लावारिस हालत में मिली
थी। काउंसलिंग के दौरान उसने बताया था कि उसके माता-पिता नहीं हैं और उसके चाचा-चाची ने उसे 5 लाख रुपए में राजस्थान के माधोपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति को बेच दिया था। किशोरी ने बताया था कि उक्त व्यक्ति उससे घर का काम करवाता था और उसके साथ दुष्कर्म करता था। किशोरी ने पुलिस को बताया था कि वह 26 जनवरी 2026 की रात किसी तरह वहां से भागकर ट्रेन में बैठ गई और इंदौर पहुंच गई। जहां जीआरपी पुलिस को वह मिली थी। पुलिस ने शून्य पर कायमी कर प्रकरण मधुबनी बिहार भेज दिया था। किशोरी को इंदौर चाइल्ड लाइन ने शहर के एक बालिका ग्रह के सुपुर्द कर दिया था। तब से वह वहीं रह रही थी। पुलिस अब अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। किशोरी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को किशोरी के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर