शब्द अग्नि / मनोज जैन
अशोकनगर। जिले की चंदेरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक वारदात का मात्र दो घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्गानगर कॉलोनी निवासी बृजभान सिंह पुत्र दयाचंद कुशवाह उम्र 38 वर्ष ने थाना चंदेरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 11 जून को परिवार सहित रिश्तेदारी में गए हुए थे। घर लौटने पर उन्हें पता चला कि उनके घर का ताला तोडक़र अज्ञात चोर एक बड़ी सिल्वर की ढेकची, दो सिल्वर की भगोनियां, एक सिल्वर की कढ़ाई और एक चाय बनाने का बर्तन चोरी कर ले गया है। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई। सभी बर्तनों पर पहचान के लिए लाल रंग का निशान लगा हुआ था।
शिकायत पर थाना चंदेरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर गांधीनगर निवासी धनराज पुत्र गब्बर वाल्मीकि को आरोपी के रूप में चिन्हित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज दो घंटे में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया संपूर्ण माल बरामद कर जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश एवं एसडीओपी महेश शर्मा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत यादव, उपनिरीक्षक कदम सिंह मीना, प्रधान आरक्षक प्रदीप शर्मा, मोहन जाटले, धर्मेंद्र कुमार तथा आरक्षक विष्णु प्रजापति, रामकुमार साहू, आनंद राजपूत एवं महिला आरक्षक दीपिका कोरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: Shabd Agni
.