पेंटिग कर रहे थे; सीढ़ी से दीवार फांदकर भागे, इनमें दो रेप, एक हत्या का आरोपी
शब्द अग्नि / नागदा। उज्जैन जिले की खाचरोद उपजेल से गुरुवार शाम 7 बजे तीन कैदी फरार हो गए। फरार हुए कैदियों में दो बलात्कार के आरोपी और एक हत्या के मामले में बंद कैदी शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन हरकत में आ गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, तीनों कैदी महिला सेल से फरार हुए। फरारी की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्काल सीनियर अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जेल परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया गया। फरार हुए कैदी गंभीर अपराधों में बंद थे, जिससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में जेल की सुरक्षा, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका और महिला सेल से कैदियों के भागने के कारणों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने तीनों फरार कैदियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी की हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है। कि यदि इन कैदियों के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
Author: Shabd Agni
.