शब्द अग्नि बाड़ी वार्ड -8, पाल मोहल्ला पुराना बाजार निवासी 40 वर्षीय जुम्मन खां उर्फ सलीम खां पिछले चार दिनों से लापता है। परिजनों ने 22 जून को बाड़ी पुलिस थाने में गुमशुदगी का आवेदन दिया है। घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य के अचानक लापता हो जाने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार सलीम खां 21 जून की रात करीब 10:30 बजे बाड़ी बस स्टैंड क्षेत्र से लापता हो गए। घर नहीं लौटने पर तलाश शुरू की गई। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में पता करने के बाद 22 जून को थाना बाड़ी में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। लापता सलीम खां फल-सब्जी का ठेला लगाते थे और बस्ती में फेरी लगाकर सब्जी बेचते थे। इसके अलावा बाजार हाट और सब्जी मंडी में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। घर के मुखिया के लापता होने से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है।
मामला दर्ज खोजबीन जारी
थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी ने बताया कि गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के थानों सहित सभी जगह सूचना भेज दी गई है। पुलिस टीम गठित कर तलाश की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि सलीम खां के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत थाना बाड़ी को सूचित करें।
Author: Shabd Agni
.