VISITORS

0 1 2 2 6 8

June 15, 2026 3:39 pm

+91 8878812345

Explore

Search

June 15, 2026 3:39 pm

जनसुनवाई में गूंजी आमजन की आवाज,

दिव्यांग पेंशन से लेकर 5 किलो चांदी के आभूषण वापस दिलाने की उठी मांग
शब्द अग्नि मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर, कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर नीतू माथुर ने आमजन की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए।

जनसुनवाई में ग्राम बड़ी फोटा निवासी रेशू मावड़ा ने दिव्यांग पेंशन पुनः प्रारंभ कराने की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वे पैर से दिव्यांग हैं तथा उनके पास वैध दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी है। पूर्व में उन्हें नियमित रूप से दिव्यांग पेंशन मिलती थी, लेकिन पिछले चार-पांच वर्षों से पेंशन बंद हो गई है। आर्थिक रूप से कमजोर होने और आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं होने के कारण उन्हें जीवन-यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं ग्राम पनवानी पटेल फलिया निवासी नरसिंह भूरिया ने वर्ष 2006-07 में गिरवी रखे गए लगभग 5 किलोग्राम चांदी के आभूषण वापस दिलाने की मांग को लेकर आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि 35 हजार रुपये के ऋण के बदले आभूषण साहूकार के पास गिरवी रखे गए थे, लेकिन बार-बार प्रयास करने के बावजूद उन्हें न तो आभूषण वापस मिले और न ही देय राशि की स्पष्ट जानकारी दी गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जनसुनवाई में भूमि विवाद, अतिक्रमण, आर्थिक सहायता, हैंडपंप खनन, पुलिया निर्माण सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघमित्रा गौतम, एडीएम सोहन कनाश, डिप्टी कलेक्टर निर्मला कलमें सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर