शब्द अग्नि
जिला ब्यूरो बंटी सोनी
श्योपुर, कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एस.एन. बिंदल के निर्देशन में मलेरिया नियंत्रण माह जून 2026 के अंतर्गत विकासखंड बड़ौदा के ग्राम भिखापुर में पंचायत स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में एम.टी.एस. अरविन्द गर्ग द्वारा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के मलेरिया संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई तथा आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा सहयोगियों के साथ मलेरिया नियंत्रण हेतु कार्ययोजना तैयार की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समुदायजनों को मलेरिया की रोकथाम एवं नियंत्रण संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए बताया गया कि मलेरिया रोग संक्रमित मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। इसके बचाव हेतु घर एवं आसपास अनावश्यक रूप से पानी जमा न होने दें, पानी की टंकियों एवं कूलरों की नियमित रूप से सफाई करें तथा सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। साथ ही बुखार आने पर तत्काल रक्त परीक्षण कराने की सलाह दी गई।
कार्यशाला में क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे समुदाय में नियमित भ्रमण कर लार्वा सर्वे करें, बुखार पीड़ित व्यक्तियों की आरडीटी किट से जांच सुनिश्चित करें तथा मलेरिया नियंत्रण एवं उन्मूलन के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए मच्छरदानी के उपयोग को बढ़ावा दें। इस अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं को मलेरिया की उपचार नीति की विस्तृत जानकारी दी गई तथा बताया गया कि कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है, इसलिए बुखार के प्रत्येक मरीज की तत्काल जांच कराना आवश्यक है। मलेरिया रोगी पाए जाने पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार शीघ्र मौलिक उपचार प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए। कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कार्यकर्ता, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
Author: Shabd Agni
.