VISITORS

0 1 8 8 0 9

August 12, 2026 8:37 pm

+91 8878812345

लेटेस्ट न्यूज़

नदी में मिला युवक का शव, हत्या का आरोप

शब्द अग्नि मनोज जैन कलाकार

अशोकनगर। देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हैदर में रविवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 19 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नदी में मिला। मृतक की पहचान धनपाल रजक के रूप में हुई है। युवक के चेहरे पर गहरे चोट के निशान थे और वहां से खून बह रहा था, जिससे मामला संदेहास्पद नजर आ रहा है। घटना के बाद से ही मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार हैदर गांव का निवासी धनपाल रजक पुत्र मन्ना रजक रविवार को सुबह घर से निकला था जब काफी देर बीत जाने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। इसके बाद परिजन और उसके पिता ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। खोजबीन करते हुए परिजन गांव के पास से गुजरने वाली नदी के किनारे पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सबके होश उड़ गए, धनपाल का शव नदी के बीचों-बीच पड़ा हुआ था। परिजनों ने उसे नदी से बाहर निकालकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

बकरा चोरी का विवाद बना हत्या की वजह-
मृतक धनपाल के परिजनों का आरोप है कि यह सामान्य मौत या डूबने का मामला नहीं है बल्कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले धनपाल का एक बकरा चोरी हो गया था। इस चोरी को लेकर उसका गांव के ही कुछ लोगों से कहा-सुनी हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि इसी के चलते धनपाल कर दी गई है साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को नदी में फेंक दिया गया। मृतक ने हाल ही में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और वह आगे की पढ़ाई के लिए कॉलेज में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहा था।

अस्पताल चौराहे पर किया चक्काजाम-
घटना से आक्रोशित परिजन और रजक समाज के लोग सुबह ही जिला अस्पताल पहुंच गए और बकरा चोरी व विवाद में शामिल संदेहियों के खिलाफ पुलिस से नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने बताया कि 302 की एफआईआर के संबंध में चक्काजाम किया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया था। पीएम रिपोर्ट में जो भी साक्ष्य आएंगे उसके हिसाब से कार्यवाही की जाएगी। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि परिजन इस बात को लेकर अड़ गए कि 302 की एफआईआर दर्ज हो और आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। अस्पताल चौराहा पर रजक समाज और परिजनों द्वारा कई घंटें तक चक्काजाम किया गयाा।

पुलिस बल ने संभाला मोर्चा, समझाइश के बाद खुला जाम-
तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। कई घंटे तक चले चक्का जाम को समाप्त कराने के लिए एसडीओपी विवेक शर्मा, सिटी कोतवाली टीआई रवि प्रताप चौहान और देहात थाना प्रभारी भुवनेश्वर शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच करेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। दोपहर करीब 1 बजे परिजन शांत हुए और चक्काजाम समाप्त किया। इसके बाद यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका। फिलहाल पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इनका कहना है।
परिजनों ने 302 की एफआईआर के संबंध में चक्काजाम किया था। हमने उन्हें समझाइस दी थी कि मर्ग कायम कर लिया है पीएम रिपोर्ट में जिस तरह के साक्ष्य आएंगे उसके हिसाब से कार्यवाही की जाएगी।
भुवनेश शर्मा
देहात थाना प्रभारी, अशोकनगर

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर