आगामी मानसून के मद्देनजर जमीनी विवादों पर सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के हैं कड़े निर्देश
सिलावद / बड़वानी। आगामी मानसून (बारिश के सीजन) के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन के हिस्से-बंटवारे, खेत की मेड़ और झाड़ियों की सफाई जैसे मुद्दों पर होने वाले छोटे-छोटे विवादों को रोकने के लिए बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा सभी थाना प्रभारियों को सख्त और त्वरित दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में सिलावद थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले दो अलग-अलग पक्षों के 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23.06.2026 को ग्राम वेदपुरी और ग्राम बोरी के दो पक्षों के बीच खेत की मेड़ और जमीन पर कब्जा जमाने की बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग गांव के एक सार्वजनिक स्थान पर इकट्ठा होकर आपस में गाली-गलौज करने लगे और मरने-मारने पर उतारू हो गए।
मौके पर मौजूद राहगीरों और पुलिस बल द्वारा दोनों पक्षों को समझाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन आरोपी और अधिक उत्तेजित होकर उपद्रव करने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख और किसी भी संभावित गंभीर घटना व कानून-व्यवस्था को भंग होने से रोकने के लिए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम: प्रथम पक्ष (ग्राम वेदपुरी): 1. अनिल पिता बरकत मेहता (उम्र 35 वर्ष) 2. राकेश पिता बरकत मेहता (उम्र 25 वर्ष) द्वितीय पक्ष (ग्राम बोरी): 3. नारा पिता गुलसिंह चौहान (उम्र 55 वर्ष) 4. राजु पिता नारा चौहान (उम्र 38 वर्ष) कानूनी कार्रवाई: थाना सिलावद पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 17/2026 धारा 170, 126, 135(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें माननीय सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
थाना प्रभारी की अपील: थाना प्रभारी सिलावद ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि “क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उग्र और उपद्रवी तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अनुरोध है कि जमीन संबंधी किसी भी विवाद का निपटारा आपसी समझ या उचित कानूनी प्रक्रिया (राजस्व न्यायालय) के माध्यम से करें, कानून को अपने हाथ में कतई न लें।” सराहनीय भूमिका: इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिलावद उप निरीक्षक रामकृष्ण लौवंशी, प्रधान आरक्षक (408) सरवन पटेल, प्रधान आरक्षक (529) बाबूलाल मण्डलोई, आरक्षक (141) पारसिंह डोडवा और आरक्षक (243) सुनील चौहान की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।
Author: Shabd Agni
.