VISITORS

0 1 9 8 6 1

August 27, 2026 11:38 am

+91 8878812345

लेटेस्ट न्यूज़

कांग्रेस नेता शेख शाकिर मसूदी ने की टिकिट की दावेदारी

वार्ड 53 आजाद नगर से पार्षद टिकट की दावेदारी कांग्रेस नेतृत्व के सामने रखा अपना  पक्ष

शब्द अग्नि / तबरेज मंसूरी इंदौर। आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी में पार्षद पद के दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इंदौर के वार्ड क्रमांक 53 आजाद नगर से कांग्रेस के वरिष्ठ एवं लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता शेख शाकिर मसूदी ने पार्षद पद के लिए अपनी मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से अपने 32 वर्षों के सामाजिक और राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति निष्ठा तथा क्षेत्र में सक्रियता को देखते हुए टिकट देने की मांग की है।

शेख शाकिर मसूदी का कहना है कि वे पिछले 32 वर्षों से आजाद नगर क्षेत्र में निवास करते हुए क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में सहभागी रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सामाजिक कार्यों के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के माध्यम से आमजन की विभिन्न समस्याओं को सरकार और प्रशासन के समक्ष उठाकर न्याय दिलाने का प्रयास किया है।

कांग्रेस संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

शेख शाकिर मसूदी ने कांग्रेस पार्टी में विभिन्न स्तरों पर महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। वे यूथ कांग्रेस इंदौर के महामंत्री, ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री, इंदौर शहर कांग्रेस के संगठन मंत्री, मध्यप्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के उपाध्यक्ष, इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के शहर उपाध्यक्ष तथा मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

उनका कहना है कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें जो भी दायित्व सौंपा, उसका उन्होंने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ निर्वहन किया। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन को कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और संगठन के लिए समर्पित बताया।

15 साल पुराना त्याग फिर आया चर्चा में

शेख शाकिर मसूदी ने वार्ड 53 के राजनीतिक इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 15 वर्ष पहले जब वार्ड महिला आरक्षित हुआ था, तब उन्होंने पार्षद पद के लिए अपनी पत्नी सलमा बी का नामांकन कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दाखिल कराया था। उस समय पार्टी ने फौजिया शेख अलीम को टिकट दिया था।

मसूदी के अनुसार, उस समय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने उनसे पार्टी हित में नामांकन वापस लेने का आग्रह किया था और उन्हें संगठन में आगे मजबूत करने का भरोसा दिलाया था। उन्होंने अपने नेता और पार्टी के निर्णय का सम्मान करते हुए नामांकन वापस ले लिया।

उन्होंने कहा कि इसके बाद भी वार्ड 53 से लगातार एक ही परिवार को कई बार टिकट दिया गया और फौजिया शेख अलीम पार्षद बनीं। मसूदी का सवाल है कि क्या किसी एक वार्ड से लगातार एक ही व्यक्ति या परिवार को टिकट देना उचित है, जबकि पार्टी के अन्य पुराने, निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ता वर्षों से संगठन के लिए काम करते आ रहे हैं।

नई लीडरशीप को अवसर देने की मांग

शेख शाकिर मसूदी ने कांग्रेस नेतृत्व के समक्ष यह महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रश्न रखा है कि यदि पार्टी लगातार एक ही चेहरे को अवसर देती रहेगी तो नई और समर्पित लीडरशीप को आगे आने का मौका कैसे मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी को जमीनी कार्यकर्ताओं, संगठन के प्रति निष्ठावान नेताओं और क्षेत्र में सक्रिय लोगों को अवसर देना चाहिए।

उनका कहना है कि उन्होंने अपना युवा जीवन कांग्रेस पार्टी को समर्पित किया है और वे हमेशा भाजपा सरकार, मंत्रियों तथा भाजपा संगठन की नीतियों और जनविरोधी मुद्दों के खिलाफ खुलकर संघर्ष करते रहे हैं। वे स्वयं को कांग्रेस का निष्ठावान, सक्रिय और संघर्षशील कार्यकर्ता बताते हैं।

कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से की अपील

शेख शाकिर मसूदी ने मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा, सहप्रभारी उषा नायडू, इंदौर शहर कांग्रेस के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री बाला बच्चन, इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 5 के कांग्रेस प्रत्याशी एवं राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, विधानसभा क्षेत्र 5 के प्रभारी लियाकत पटेल, असलम लाला तथा विधानसभा क्षेत्र 5 के कांग्रेस प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस सचिव अमन बजाज सहित पार्टी नेतृत्व से उनकी दावेदारी पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है।

मजबूती से चुनाव लड़ने और जीतने का दावा

शेख शाकिर मसूदी ने कहा कि उनकी पार्टी के प्रति निष्ठा, वर्षों की ईमानदार सक्रियता, संगठनात्मक अनुभव और आजाद नगर क्षेत्र में सामाजिक पकड़ को देखते हुए कांग्रेस पार्टी को उन्हें वार्ड क्रमांक 53 से पार्षद पद का टिकट देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि यदि पार्टी उन्हें प्रत्याशी बनाती है तो वे मजबूती से चुनाव लड़ेंगे और वार्ड 53 में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेंगे।

 

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर