पटेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
शब्द अग्नि अनुराग बजाज
दमोह जिले के पटेरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो 900 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 1 लाख 62 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया और एसडीओपी हटा सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में पटेरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने सारंगपुरा निवासी घनश्याम पिता पूरन सिंह लोधी उम्र 50 वर्ष को पकड़कर उसके कब्जे से 10 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पटेरा में अपराध क्रमांक 167/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। साथ ही जब्त गांजे के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक रूपलाल, आरक्षक नीतेश, गब्बर सिंह राजपूत, सुरेश लोधी और साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: Shabd Agni
.