जेसीबीे से कार्रवाई
शब्द अग्नि l राज ठाकुर बाड़ी
बाड़ी, ग्राम पंचायत पारतलाई गांव में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने गुरुवार को कार्रवाई की। तहसीलदार दिनेश बर्गले, एसडीओपी नीलम चौधरी, राजस्व अमले और पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई से पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को करीब दो घंटे तक समझाइश दी, लेकिन वे अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से अतिक्रमण हटाया गया।
जानकारी के अनुसार, पारतलाई में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के कारण रास्ता अवरुद्ध हो रहा था। इससे ग्रामीणों को कीचड़, दलदल और गंदगी से होकर आवागमन करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या को लेकर ग्राम पंचायत पारतलाई के सरपंच प्रतिनिधि राजीव ठाकुर द्वारा लगातार प्रशासन को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
अतिक्रमण हटाने के लिए तहसीलदार द्वारा करीब पांच दिन पूर्व पुनः नोटिस जारी किया गया था। इससे पहले भी अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी हो चुके थे, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि रास्ता खुलने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और प्रस्तावित सड़क निर्माण का रास्ता भी साफ होगा। सड़क बनने से क्षेत्र में फैली गंदगी और जलभराव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
समझाइश के बाद भी नहीं माने, पुलिस की मौजूदगी में हटाया अतिक्रमण
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों, नायब तहसीलदार, पटवारी, पुलिसकर्मियों तथा पंचायत के कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई। एसडीओपी नीलम चौधरी और तहसीलदार दिनेश बर्गले ने मौके पर पहुंचकर परिवार को काफी देर तक समझाइश दी और रास्ता खाली करने के लिए कहा। इसके बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन को जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करनी पड़ी।
अतिक्रमण हटने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई पर खुशी जताते हुए अधिकारियों का धन्यवाद किया। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता खुलने से अब उन्हें कीचड़ और गंदगी से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा।
तहसीलदार दिनेश बर्गले का कहना है कि
“शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। शासकीय भूमि और सार्वजनिक रास्तों पर किए गए अतिक्रमण को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।”
एसडीओपी नीलम चौधरी का कहना है कि
“यदि अतिक्रमणकारियों द्वारा लोगों के आने-जाने में परेशानी पैदा की जाती है या सार्वजनिक मार्ग में बाधा डाली जाती है, तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
क्या कहते है सरपँच, ग्राम पंचायत पारतलाई में शासकीय भूमि पर बहुत पहले से अतिक्रमण चल रहा था इस संबंध में आज जो कार्यवाही हुई है वह जनहित की कार्यवाही है उसमें शीघ्र सड़क निर्माण किया जाएगा जिससे लोगों को आवगमन में सुविधा मिल सके।
श्रीमती रामसिया राजीव ठाकुर सरपंच
Author: Shabd Agni
.