VISITORS

0 0 9 5 3 7

June 5, 2026 11:58 pm

+91 8878812345

Explore

Search

June 5, 2026 11:58 pm

बीटेक की छात्रा आर्या बनेंगी एक दिन की आर जे

आकाशवाणी @ 90” युवा आउटरीच इनिशिएटिव के अंतर्गत तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता सम्पन्न ।

शब्द अग्नि / बैतूल:- आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “आकाशवाणी @ 90” युवा आउटरीच इनिशिएटिव के अंतर्गत 05 जून 2026 को श्री बालाजी प्रोद्योगिकी और प्रबंधन संस्थान , बैतूल में आकाशवाणी बैतूल के तत्वाधान में तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आकाशवाणी के कार्यक्रम प्रमुख सचिन भागवत, कार्यक्रम अधिकारी प्रवीण चौरे ,वरिष्ठ उद्घोषक योगेश्वर देशपांडे, रवि प्रकाश लिल्होरे,गिरीश कमल चौहान संस्था के प्राचार्य डॉ परेश जे शाह प्रोफेसर वीके पांडे, फेकल्टी मेम्बर्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में कुल 17 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल एवं विषय की गहराई ने उपस्थित सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण, ऊर्जावान एवं प्रेरणादायक रहा। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रमुख सचिन भागवत ने कहा कि आकाशवाणी पिछले 90 वर्षों से देश के जन-जन तक सूचना, शिक्षा एवं मनोरंजन का विश्वसनीय माध्यम रहा है। “मन की बात” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री का संदेश सीधे आमजन तक पहुंचता है, जो जनसंवाद को सशक्त बनाता है।

युववाणी कार्यक्रम अधिकारी प्रवीण चौरे ने कहा कि इस तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपने विचार निर्भीकता के साथ व्यक्त कर सकें। आकाशवाणी निरंतर ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। वरिष्ठ उद्घोषक योगेश्वर देशपांडे ने अपने विचार रखते हुए कहा कि आकाशवाणी समाज के हर वर्ग के लिए समर्पित एवं उपयोगी कार्यक्रम प्रस्तुत करता है। “सखी सहेली” जैसे कार्यक्रम महिलाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, वहीं “युववाणी” जैसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

श्री बालाजी प्रोद्योगिकी और प्रबंधन संस्थान के प्राचार्य डॉ परेश जे शाह ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर डॉ शाह ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुये पावर पॉइंट प्रेजेंटेसन भी दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रतियोगिता में बीटेक अंतिम वर्ष की छात्रा आर्या गुप्ता ने प्रथम स्थान, खुशी बोड़खे ने द्वितीय स्थान तथा भावेश पाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा आर्या गुप्ता को 06 जून को युववाणी कार्यक्रम में एक दिन के लिए आर.जे. बनने का अवसर प्रदान किया जाएगा।  अंत में प्रोफेसर वी के पांडे ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्र-छात्राओं को अपने भविष्य को संवारने, व्यक्तित्व विकास करने तथा आगे बढ़ने के लिए उचित मार्गदर्शन प्राप्त होता है। कार्यक्रम का सफल आयोजन आकाशवाणी बैतूल एवं संस्थान के संयुक्त प्रयासों से सम्पन्न हुआ

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर