200 लीटर लाहन नष्ट, 10 लीटर कच्ची शराब के साथ एक गिरफ्तार
शब्द अग्नि l राज ठाकुर बाड़ी .
ग्राम विक्रम मद्दीया में थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी की अगुवाई में हुई छापेमारी, शराब बनाने के उपकरण भी जब्त
रायसेन / बाड़ी । क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम विक्रम मद्दीया इलाके में दबिश देकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
मौके पर नष्ट की गई लाहन
जानकारी के अनुसार, विक्रम मद्दीया क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने का काला कारोबार चल रहा था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने स्टाफ के साथ मौके पर अचानक छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब बनाने के लिए तैयार की गई 200 लीटर लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया इसके साथ ही 10 लीटर तैयार कच्ची शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में उपकरण भी जब्त किए गए।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की नागरिकों से अपील
थाना प्रभारी ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी अवैध शराब बनाने या बेचने की गतिविधि नजर आए, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि कस्बे में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Author: Shabd Agni
.