शब्द अग्नि / धार। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण क्षेत्रों के लिए राहत की खबर है। ग्रामीण जनता को समय पर और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय भाजपा विधायक नीना वर्मा ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। ग्रामीणों की बेहद पुरानी और जायज मांग को पूरा करते हुए विधायक वर्मा द्वारा क्षेत्र के ग्राम उजैनी और बछड़ावदा में पानी के टैंकर वितरित किए गए। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा भी मौजूद रहे।
दरअसल क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण कई ग्रामीण इलाकों में पानी की किल्लत देखी जा रही थी। ग्राम उजैनी और बछड़ावदा के निवासियों ने स्थानीय स्तर पर जल आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए विधायक से टैंकरों की मांग की थी। ग्रामीणों की इस मूलभूत आवश्यकता और पेयजल संकट की गंभीरता को देखते हुए विधायक नीना वर्मा ने बिना किसी देरी के यह कदम उठाया। टैंकर वितरण के दौरान विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की एक-एक बूंद कीमती है और इस भीषण गर्मी में किसी भी नागरिक को पीने के पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इन नए टैंकरों के मिल जाने से अब दोनों ही ग्राम पंचायतों में स्थानीय स्तर पर पानी का परिवहन और भंडारण बेहद आसान हो जाएगा, जिससे संकट के समय तुरंत जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। टैंकर मिलने पर ग्राम उजैनी और बछड़ावदा के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक नीना वर्मा का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संकट काल में टैंकर मिलने से गांव के भीतर पानी का वितरण करने में बड़ी सहूलियत होगी।
Author: Shabd Agni
.