शब्द अग्नि / राज ठाकुर बाड़ी .
आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को बाड़ी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओपी नीलम चौधरी, थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी, नगर के गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु, मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि, हिंदू समाज के वरिष्ठजन एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओपी नीलम चौधरी ने कहा कि बाड़ी क्षेत्र हमेशा से सामाजिक समरसता और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है। आगामी मुहर्रम पर्व के दौरान सभी समुदाय आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने नागरिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों एवं भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध
गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को देने की अपील की। थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी ने कहा कि मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूस एवं अन्य धार्मिक आयोजनों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सरक्षा
व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें आमजन का सहयोग भी आवश्यक है। बैठक के दौरान विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने जुलूस मार्ग, यातायात व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक
व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे।
Author: Shabd Agni
.