व्यवस्थाओ मे शीघ्र सुधार के दिए निर्देश
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़
बालाघाट। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने बुधवार 05 अगस्त को जिला चिकित्सालय बालाघाट का आकस्मिक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, विभिन्न वार्डों और उपचार सुविधाओं का अवलोकन किया तथा मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए और भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ निलय जैन एवं अस्पताल का स्टाफ उपस्थित था।
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने कहा कि यह उनका पहला निरीक्षण है, लेकिन अगले निरीक्षण तक यदि व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, सेंट्रल पैथोलॉजी, आर्थोपेडिक वार्ड, मेडिकल वार्ड, ब्लड बैंक, नेत्र वार्ड, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), महिला वार्ड, सोनोग्राफी केंद्र तथा नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू) का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्टाफ की उपस्थिति की भी समीक्षा की।
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने कुपोषित बच्चों के उपचार के लिए संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र तथा प्रसूता महिलाओं के प्रतीक्षा कक्ष में एयर कंडीशनर (एसी) लगाने के निर्देश दिए। साथ ही ओपीडी, सेंट्रल पैथोलॉजी और एसएनसीयू में मरीजों के बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में बेंच उपलब्ध कराने, सभी वार्डों एवं प्रतीक्षा कक्षों में पंखों की व्यवस्था तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जिला अस्पताल के नए भवन के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा तथा वर्तमान भवन में जहां मरम्मत और सुधार की आवश्यकता है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और चिकित्सकों व कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने सभी मरीजों की आभा आईडी (ABHA ID) अनिवार्य रूप से बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल में प्रसव के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं का पिछले दो माह का विस्तृत रिकॉर्ड उपलब्ध कराने को कहा। इस रिकॉर्ड में भर्ती होने वाली गर्भवती महिलाओं की संख्या, अस्पताल में हुए प्रसव, रेफर किए गए मामलों तथा भर्ती के बाद स्वयं अन्य अस्पतालों में ऑपरेशन के लिए जाने वाली महिलाओं की जानकारी शामिल करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के औचक निरीक्षण से जिला अस्पताल प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई है और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की दिशा में आवश्यक कदम तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Author: Shabd Agni
.