शब्द अग्नि मनोज जैन कलाकार
अशोकनगर। गुरुवार को ई-टोकन व्यवस्था में आ रही तकनीकि समस्याओं और खाद मिलने में हो रही परेशानी को मुद्दा बनाकर कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। पुलिस और कांग्रेसियों के बीच कई बार झूमाझटकी हुई।
जिले में किसानों को खाद मिलने में परेशानी आ रही है दो दिन पहले भारतीय किसान संघ ने भी जिला मुख्यालय पर आंदोलन किया था अब कांग्रेस ने किसानों की समस्या को देखकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट के सामने दोपहर 12 बजे से धरना शुरू किया। दोपहर 2 बजे कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट घेराव की घोषणा की थी, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ने कलेक्ट्रेट के बाहर बेरीकेट्स लगाकर कांग्रेसियों को अंदर जाने से रोका एवं बाहर ही ज्ञापन सौंपने को कहा लेकिन कांग्रेसी कलेक्ट्रेट में जाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिस में जमकर धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई जिससे कुछ बैरीकेट्स भी टूट गए। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने इस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। बाद में कांगे्रस की ओर से प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा गया है जिसमें बताया गया है कि किसानों को सोसायटियों और केंद्रों पर घंटों लाइनों में लगने के बाद भी पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही है। ई-टोकन सिस्टम किसानों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। सर्वर डाउन होने, पोर्टल न चलने और ई-केवाईसी में आ रही दिक्कतों के कारण किसान परेशान हैं। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया है कि एक तरफ असली किसान खाद के लिए परेशान हैं वहीं दूसरी तरफ खाद की कालाबाजारी धड़ल्ले से चल रही है। धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश की सरकार किसान हितैषी होने का सिर्फ ढोंग रच रही है। अन्नदाता कडक़ड़ाती धूप में खाद के लिए लाइन में लगे हैं। कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह कुशवाह, प्रदेश महासचिव यादवेन्द्र सिंह यादव, विधायक इंजीनियर हरिबाबू राय, पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान, संगठन महासचिव सचिन शर्मा, नगर अध्यक्ष राहुल शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी रमेश नायक, गोपाल कोल, दशरथ रघुवंशी, मुनिया खान, अशोक शर्मा आदि उपस्थित रहे।
Author: Shabd Agni
.