5 से 21 जून तक चलेंगे जन उत्सव कार्यक्रम
घर-घर पहुंचाई जाएंगी भाजपा सरकार की उपलब्धियां
शब्द अग्नि / धार। केंद्र सरकार के 12 वर्ष सफ़लतापू्वक पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता, पितृ पुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री व क्षेत्रीय सांसद सावित्री ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती, संगठन जिला प्रभारी सुभाष कोठारी और धार विधायक नीना वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 5 जून से 21 जून तक पूरे जिले में “जन उत्सव” अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ऐतिहासिक उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे।
रेल परियोजना से बदलेगी तस्वीर: सावित्री ठाकुर
कार्यशाला को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष ऐतिहासिक निर्णयों और गरीब कल्याण के लिए याद किए जाएंगे। उन्होंने धार जिले के विकास का जिक्र करते हुए कहा: जिले का सालों पुराना रेल परियोजना का सपना अब भाजपा सरकार साकार कर रही है, जिससे क्षेत्र की प्रगति को नई गति मिलेगी। बदनावर में देश के पहले ‘पीएम मेगा मित्र टेक्सटाइल पार्क’ की स्थापना एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और औद्योगिक निवेश को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। भोजशाला में प्रस्तावित ‘माँ सरस्वती लोक’ का निर्माण हमारी संस्कृति, आस्था और सभ्यता के संरक्षण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
विश्व मंच पर बढ़ी प्रतिष्ठा: सुभाष कोठारी
संगठन जिला प्रभारी सुभाष कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की ताकत और प्रतिष्ठा को विश्व मंच पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा और जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज सोलंकी ‘कवि’ ने संयुक्त रूप से बताया कि “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत 5 जून से 21 जून तक जिले में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम होंगे। इन 17 दिनों के भीतर जिलेभर में वृक्षारोपण अभियान और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन होगा। विकास कार्यों की प्रदर्शनियां और मीडिया संवाद आयोजित किए जाएंगे। प्रबुद्धजन सम्मेलन, जन कल्याण शिविर और प्राकृतिक खेती पर विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इस कार्यशाला में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Shabd Agni
.