मरीजों का बुरा हाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने दी धरने की चेतावनी
शब्द अग्नि / हिमालय गोहिया
सीहोर/ जिला अस्पताल में शनिवार को लगातार दो घंटे तक बिजली गुल रहने से हड़कंप मच गया। अघोषित बिजली कटौती और अस्पताल की चरमराती व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने अस्पताल प्रबंधन को आड़े हाथों लिया और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
बरामदे में बैठे मरीज
उमस और भीषण गर्मी के कारण वार्डों में रहना मुश्किल हो गया, जिससे मरीज और उनके परिजन बरामदे में बैठने को मजबूर हो गए। स्टाफ के मुताबिक, लाइट जाने पर जनरेटर चलाया गया था, लेकिन वह भी बार-बार गर्म होकर बंद होता रहा।
मासूमों की जान पर संकट
इन सब से हट कर सबसे चिंताजनक बात यह थी कि एसएनसीयू (SNCU) वार्ड में कई नवजात बच्चे ऑक्सीजन सपोर्ट और कंसंट्रेटर पर हैं। बिजली गुल होने से उनकी जान पर बन आई। इस गंभीर स्थिति के दौरान भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था।
सिविल सर्जन की लापरवाही
कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती ने सिविल सर्जन डॉ. उमेश श्रीवास्तव की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह सीधे तौर पर सिविल सर्जन की लापरवाही उजागर करता है उन्होंने आगे बताया कि अस्पताल में इलाज से बेहतर सिर्फ दो ही व्यवस्थाएं हैं—एक आलीशान कैंटीन और दूसरी पार्किंग शुल्क की वसूली।
कांग्रेस जिलाअध्यक्ष ने दी धरना की चेतावनी
राजीव गुजराती (जिलाध्यक्ष, कांग्रेस) ने चेतावनी दी कि “अस्पताल में लोग जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ने आते हैं, मरीजों की जान के साथ ऐसा खिलवाड़ नहीं चलेगा। अगर बिजली और सफाई व्यवस्था में तुरंत सुधार नहीं हुआ, तो मैं खुद अस्पताल के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ जाऊंगा।” इस दौरान विवेक राठौर, घनश्याम यादव, रमेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Author: Shabd Agni
.